Sarvapitru Amavasya 2026 Pitru Paksha (Shraddh) Tarpan Mantra Puja Vidhi in Hindi: सर्वपितृ अमावस्या का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। यह दिन पितरों को याद करने और उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का विशेष दिन माना जाता है। पितृ पक्ष की अमावस्या तिथि पर उन सभी पूर्वजों के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान किया जाता है, जिनकी मृत्यु तिथि पता न हो या जिनका श्राद्ध किसी कारण से छूट गया हो। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से तर्पण करने से पितरों का आशीर्वाद मिलता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। इस साल पितृ अमावस्या 10 अक्टूबर को मनाई जाएगी। वहीं इस दिन इंद्र योग भी बन रहा है, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। आइए जानते हैं तिथि, तर्पण विधि और उपाय…
कब है सर्वपितृ अमावस्या 2026?
सर्वपितृ अमावस्या तिथि की शुरुआत- 9 अक्टूबर को रात 9 बजकर 35 मिनट पर
सर्वपितृ अमावस्या तिथि का समापन- 10 अक्टूबर को रात 9 बजकर 19 मिनट पर
कुतुप और रौहिण मुहूर्त 2026
कुतुप मुहूर्त- सुबह 11 बजकर 45 मिनट से दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक
रौहिण मुहूर्त- दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से दोपहर 1 बजकर 18 मिनट तक
अपराह्न काल- दोपहर 1 बजकर 18 मिनट से दोपहर 3 बजकर 37 मिनट तक
सर्वपितृ अमावस्या पर तर्पण विधि
सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें और पितरों का स्मरण करें। इसके बाद दक्षिण दिशा की ओर मुख करके कुश, काले तिल, जल और पुष्प से तर्पण करें। हाथ में जल, काले तिल और कुश लेकर पितरों का ध्यान करते हुए धीरे-धीरे जल किसी पात्र में अर्पित करें। तर्पण के बाद पितरों के निमित्त भोजन बनाकर ब्राह्मण या जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन कराना शुभ माना जाता है। अपनी श्रद्धा के अनुसार गाय, कुत्ते और कौवे के लिए भी भोजन निकाल सकते हैं। शास्त्रों में 6 प्रकार के तर्पण बताए गए हैं- जिसमें देव तर्पण, ऋषि तर्पण, दिव्य मानव तर्पण, दिव्य पितृ-तर्पण, यम तर्पण और मनुष्य-पितृ तर्पण हैं।
तर्पण के लिए करें इस मंत्र का जप
‘ओम आगच्छन्तु में पितर एवं ग्रहन्तु जलान्जलिम’
पितृ गायत्री मंत्र का करें जप
तर्पण करते समय पितृ गायत्री मंत्र का जप जरूर करना चाहिए। ऐसा करने से पितृ प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं। साथ ही सुख- समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
पितृ गायत्री मंत्र : ओऊम् देवताभ्यः पितृभ्यश्च महायोगिभ्य एव च। नमः स्वाहायै स्वधायै नित्यमेव नमो नमः ।।
सर्वपितृ अमावस्या के उपाय
पितरों के नाम से काले तिल और जल का तर्पण करें।
जरूरतमंद व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार अन्न, वस्त्र या भोजन का दान करें।
घर में पितरों का स्मरण करके दीपक जलाएं।
गाय को हरा चारा और कौवे को भोजन कराना शुभ माना जाता है।
पितरों से जाने-अनजाने हुई भूल के लिए श्रद्धापूर्वक क्षमा प्रार्थना करें।
इस दिन घर में शांति और वातावरण अच्छा बनाए रखें । साथ ही किसी का अपमान या विवाद करने से बचें।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
