Samudrik Shastra Predictions for Palm: सामुद्रिक शास्त्र की रचना ऋषि समुद्र ने की थी। उन्हीं के नाम पर इस शास्त्र का नाम सामु्द्रिक शास्त्र रखा गया। इस शास्त्र में शरीर के अंगों की बनावट और उन पर बने निशानों से व्यक्ति का स्वभाव, व्यवहार और भविष्य के बारे में जानने का प्रयास किया जाता है। कहते हैं कि शरीर के अंग व्यक्ति के बारे में बताने में सक्षम हैं। बताया जाता है कि हथेली पर बनें कुछ विशेष चिन्हों से आर्थिक स्थिति के बारे में पता चल सकता है।
समुद्र शास्त्र के जानकार बताते हैं कि अगर किसी व्यक्ति की हथेली के ऊपरी हिस्से पर त्रिभुज बना होता है, उस व्यक्ति की आर्थिक स्थिति जीवनभर ठीक नहीं होती है। बताया जाता है कि ऐसा व्यक्ति हमेशा पैसों के लिए तरसता रह जाता है। कहते हैं कि ऐसे लोगों को ईश्वर की कृपा का सहारा लेना चाहिए।
जिन लोगों की हथेली के बीच के हिस्से में आयत बना रहता है, उनकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं रहती है। माना जाता है कि ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति उतार-चढ़ाव से भरी रहती है। कहा जाता है कि ऐसे लोगों को बहुत मेहनत करने के बाद शुभ फलों की प्राप्ति हो पाती है।
कहते हैं कि जिन लोगों की हथेली के पिछले भाग पर बहुत सारी लकीरें होती हैं, उनकी आर्थिक स्थिति कठिन परिश्रम करने पर सुधर जाती है। कहा जाता है कि ऐसे लोगों को तरक्की हासिल करने पर अपार धन-धान्य की प्राप्ति हो पाती है।
विद्वानों की मानें तो जिनके हाथ के सूर्य पर्वत पर बहुत सारी लकीरें बनी रहती हैं, उन्हें मेहनत करने के बावजूद भी धन-संपत्ति की प्राप्ति नहीं हो पाती है। इसलिए ऐसा कहा जाता है कि इन लोगों को सूर्य देव की उपासना करनी चाहिए। उनकी कृपा से इन्हें धन की प्राप्ति हो सकती है।
इस शास्त्र के आचार्यों का कहना है कि जिन लोगों की हथेली पर एक सीधी, लंबी और गहरी लकीर हथेली की शुरुआत से आगे तक जाती है, उनके जीवन में अपार धन-संपत्ति की प्राप्ति के योग बने रहते हैं। ऐसे लोगों को धन प्राप्ति के लिए बहुत ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती है।