परिवार को नहीं पसंद था जया किशोरी का घर से बाहर निकलना लेकिन माता-पिता डटकर खड़े रहे साथ; बताया पूरा किस्सा
जया किशोरी खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानती हैं जिन्हें इतना समझने वाले माता-पिता मिले। वो कहती हैं कि...

जया किशोरी (Jaya Kishori Ji/ Jaya Kishori) एक प्रसिद्ध कथावाचिका हैं जिनकी कथाएं व भजन आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। छोटी सी उम्र में ही उनके भक्तों की तादाद लाखों में है। बता दें कि जया किशोरी जी ‘श्रीमद् भागवत कथा’ और ‘नानी बाई रो मायरा’ की कथा वाचिका हैं। देश-विदेश में इनकी कथाओं को बहुत पसंद किया जाता है। इसके साथ ही, किशोरी जी एक मॉटिवेशनल स्पीकर भी हैं। हालांकि, उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं है कि कोई उन्हें साध्वी कहकर पुकारे।
रिश्तेदार हो गए थे नाराज: 13 जुलाई 1995 को जन्मीं जया किशोरी मात्र 25 साल की हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि सिर्फ 7 साल की उम्र में उन्होंने भजन गायन आरंभ कर दिया था। उस समय उनके माता-पिता को रिश्तेदारों की काफी बातें सुननी पड़ी थीं। वो कहती हैं कि उस दौरान उनके अभिभावकों को काफी सामना करना पड़ा था।
नहीं पसंद था किशोरी जी का बाहर जाना: वीडियो में वो बताती हैं कि उनके घर के बड़ों को किशोरी जी का इतनी छोटी उम्र में घर से ज्यादा बाहर जाना पसंद नहीं था। वो कहती हैं कि आमतौर पर भी लड़कियों का बाहर निकलना लोगों को जल्दी रास नहीं आता है। इस कारण उनके माता-पिता को काफी सुनना पड़ा था।
माता-पिता ने किया था सपोर्ट: जया किशोरी खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानती हैं जिन्हें इतना समझने वाले माता-पिता मिले। वो कहती हैं कि उन्होंने इतनी छोटी सी उम्र में ही उनकी कला को पहचाना और उन्हें प्रोत्साहित किया। अपने भक्तों के सवाल ‘इतनी छोटी उम्र में आप इस स्थान पर कैसे हैं’ का जवाब देते हुए किशोरी जी कहती हैं कि ऐसा सिर्फ उनके अभिभावकों के सहयोग के कारण ही मुमकिन हुआ है। उन्होंने ही कार्य को करने के लिए जया किशोरी को प्रेरित किया।
डांस भी नहीं था पसंद: जया किशोरी काफी समय पहले सोनी टीवी के डांस रिएलिटी शो बूगी वूगी में भी नजर आई थीं। कई रिपोर्ट्स में इस बात का जिक्र मिलता है कि बचपन में जया किशोरी एक वेस्टर्न डांसर बनना चाहती थीं। हालांकि, उनके माता-पिता ने खुद इस बात को स्वीकारा था कि उनके परिवार के सदस्यों को जया किशोरी का वेस्टर्न डांस पैशन पसंद नहीं था।