Rahu Transit 2026: ज्योतिष शास्त्र में राहु को रहस्यमयी और प्रभावशाली ग्रह माना जाता है। राहु की चाल में बदलाव का असर सभी 12 राशियों के जीवन पर देखने को मिलता है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार, 5 दिसंबर 2026 को राहु मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस गोचर को ज्योतिषीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब 18 साल बाद होने वाले इस राशि परिवर्तन से कुछ राशियों के जीवन में बड़े बदलाव आने के संकेत हैं। खासतौर पर मेष, धनु और कुंभ राशि वालों के लिए यह समय करियर और आर्थिक मामलों में नई संभावनाएं लेकर आ सकता है।
फ्यूचर पंचांग के अनुसार 5 दिसंबर 2026 को राहु कुंभ राशि से निकलकर शनि की राशि मकर में प्रवेश करेंगे। राहु देव रात को 10 बजकर 33 मिनट पर गोचर करेंगे। राहु ग्रह हमेशा वक्री गोचर करते हैं।
राहु गोचर से किन राशियों को होगा लाभ?
मेष राशि पर राहु गोचर का प्रभाव (Aries Zodiac)
मेष राशि वालों के लिए राहु का गोचर करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण रह सकता है। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारी या प्रमोशन मिलने के योग बन सकते हैं। लंबे समय से नौकरी बदलने की योजना बना रहे लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं। व्यापार करने वालों को नए संपर्कों से लाभ मिल सकता है। आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं और आय के नए रास्ते खुल सकते हैं।
धनु राशि पर राहु गोचर का प्रभाव (Sagittarius Zodiac)
धनु राशि वालों के लिए राहु का राशि परिवर्तन आर्थिक मामलों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। अचानक धन लाभ के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी में आपकी मेहनत और काम की सराहना हो सकती है। व्यापारियों को नई डील मिलने और कारोबार का विस्तार करने के अवसर मिल सकते हैं। हालांकि निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लेना बेहतर रहेगा।
कुंभ राशि पर राहु गोचर का प्रभाव (Aquarius Zodiac)
कुंभ राशि के जातकों के लिए राहु का गोचर लाभकारी साबित हो सकता है। करियर में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल सकते हैं। नौकरी में पद और प्रतिष्ठा बढ़ने के योग बन सकते हैं। जो लोग विदेश से जुड़े काम या कारोबार करते हैं, उन्हें अच्छी खबर मिल सकती है। आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ रुके हुए काम भी स्पीड पकड़ सकते हैं।
राहु गोचर क्यों माना जा रहा है खास?
वैदिक ज्योतिष में राहु को छाया ग्रह माना जाता है। यह ग्रह अचानक होने वाले बदलाव, महत्वाकांक्षा, तकनीक, विदेश, राजनीति और अप्रत्याशित घटनाओं से जुड़ा माना जाता है। इसलिए राहु के राशि परिवर्तन को ज्योतिष में महत्वपूर्ण घटना माना जाता है। हालांकि राहु के गोचर का वास्तविक फल प्रत्येक व्यक्ति की जन्मकुंडली में राहु की स्थिति, दशा और अन्य ग्रहों के प्रभाव पर निर्भर करता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी ज्योतिषीय गणनाओं और सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी तरह के निर्णय पर पहुंचने से पहले संबंधित विषय के विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। एक राशि के नाम के करोड़ों जातक होते हैं। ऐसे में किसी भी तरह के परिणाम में पहुंचने से पहले अपनी कुंडली की जांच किसी शास्त्र के ज्ञाता, ज्योतिषी, पंडित को अवश्य दिखाएं।
