Planets on Parade: आज यानी 28 मार्च को शाम को आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा, क्योंकि सौर मंडल के 6 ग्रह एक सीधी रेखा में दिखाई देंगे, जिन्हें धरती से आसानी से देखा जा सकेगा। आज चंद्रमा के पास बुध, बृहस्पति, शुक्र, यूरेनस और मंगल एक साथ दिखाई देंगे। यह अद्भुत नजारा सूर्यास्त के तुरंत बाद पश्चिमी क्षितिज की ओर देखा जा सकता है। जानिए इसका असर आपके जीवन पर क्या पड़ सकता है।
कौन-कौन से ग्रह दिखाई देंगे एक साथ
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों के राजकुमार बुध और शुक्र और गुरु बृहस्पति के साथ-साथ यूरेनस और ग्रहों के सेनापति मंगल चंद्रमा के पास सीधी रेखा में नजर आएंगे। एक सीधी रेखा में होने पर ये मोतियों की माला की तरह नजर आने वाले हैं।
किस समय दिखेगा ये अद्भुत नजारा
भारतीय समय के अनुसार यह अद्भुत नजारा शाम 6 बजकर 36 मिनट से लेकर 7 बजकर 15 मिनट के बीच सबसे अच्छा दिखाई देगा, जिसे बिना दूरबीन के भी आसानी से देखा जा सकता है। नासा के खगोलशास्त्री बिल कुक के अनुसार, आसमान में ग्रहों का अद्भुत नजारा सूर्यास्त के तुरंत बाद पश्चिमी क्षितिज की ओर देखा जा सकता है।
ग्रहों की इस स्थिति से पड़ सकता है किसानों के जीवन पर बुरा असर
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शनि, मंगल और सूर्य को क्रूर ग्रह माने जाते हैं। ऐसे में अगर इसके आगे शुभ ग्रह यानी गुरु, बुध और शुक्र ग्रह गोचर कर रहे हैं, तो ऐसे में अधिक वर्षा की संभावना हो सकती है। इसके साथ ही इस समय शनि अपनी स्वराशि कुंभ राशि में विराजमान है। इसके साथ ही मीन राशि में बुध और गुरु ग्रह गोचर कर रहे हैं जहां पहले से ही सूर्य ग्रह विराजमान है। इसके साथ-साथ मेष राशि में शुभ ग्रह शुक्र गोचर कर रहे हैं। ऐसे में ग्रहों की स्थिति में परिवर्तन के कारण मध्य और उत्तर भारत में अधिक वर्षा के आसार बन रहे हैं। इसके साथ ही गर्मी सामान्य से कुछ कम होगी। इसके साथ ही उत्तर भारत में ओले गिरने की भी आसार बन सकते हैं। ऐसे में ग्रहों का इस तरह का योग बनना किसानों के लिए अच्छा साबित नहीं होगा, क्योंकि इस स्थिति के कारण किसानों की फसल भी बर्बाद हो सकती है।