ज्योतिष शास्त्र में जैसे मनुष्य की जन्मकुंडली में स्थित ग्रहों का विश्वेषण करके व्यक्तित्व और भविष्य के बारे में बताया जाता है। ऐसे ही सामुद्रिक शास्त्र में व्यक्ति के शरीर पर मौजूद अंगों की बनावट और आकार के आधार फलित किया जाता है। यहां हम बात करने जा रहे हैं व्यक्ति के कद के बारे में। आपको बता दें कि व्यक्ति के कद से उसके व्यक्तित्व के बारे में बहुत सी जानकारी मिलती है। आइए जानते हैं स्त्री और पुरुष के शरीर की बनावट उनके बारे में क्या बताती है।
लंबे कद वाले लोग:
हस्तरेखा शास्त्र अनुसार जिस स्त्री और पुरुष का कद लंबा होता है वह गुणी, विवेकशील, मधुरभाषी और दूरदर्शी होते हैं। ये लोग स्वाभिमानी भी होते हैं। ये लोग मनमौजी होते हैं और कार्यक्षेत्र में काम को अपने अनुसार करना पसंद करते हैं। ये किसी भी व्यक्ति से अपना काम निकालने में निपुण होते हैं। लंबे कद वाली महिलाओं में शौक ऋंगार की भावना कुछ अधिक पायी जाती हैं।
छोटे कद वाले लोग:
ये लोग बहुत व्यवहारिक और मिलनसार होते हैं। हालांकि ये लोग जब किसी से ज्यादा घुलमिल जाते हैं, तो लोग इनसे कटने भी लगते हैं। ये लोग थोड़े कंजूस होते हैं। ये लोग बहुत सोच- समझकर धन खर्च करते हैं। ये लोग कला के प्रेमी और जानकार होते हैं। साथ ही ये लोग रिश्तों को अच्छी तरह निभाना जानते हैं और दूसरों के सुख- दुख के बारे में बहुत सोचते हैं। ऐसे लोग खुले विचारों के होते हैं और तो अपनी मस्ती में रहते हैं। इनका दिल बहुत साफ होता है और यह हर किसी को खुश करने की पूरी कोशिश करते हैं।
मध्यम कद वाले लोग:
जिन लोगों का कद सामान्य रहता है वह बहुत ही ज्यादा बातें सोचते हैं। साथ ही यह धर्म कर्म में अधिक रुचि रखने वाले होते हैं। ये लोग थोड़े क्रोधी स्वभाव के भी होते हैं। वहीं अधिक भावुकता और व्यवहारिकता की वजह से इन्हें लाइफ में संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे लोग हर काम को जल्दी निपटाने और उससे छुटकारा पाने में लगे रहते हैं। हालांकि, अपनी इस आदत के कारण ये समस्याओं को भी जल्दी सुलझा लेते हैं।