हिंदू धर्म में अधिक मास को अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है। इसलिए इस महीने में पड़ने वाली मासिक शिवरात्रि का महत्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि यह दिन भगवान शिव की आराधना के लिए समर्पित होता है। मान्यता है कि अधिक मास की मासिक शिवरात्रि पर व्रत, रुद्राभिषेक, शिव मंत्रों का जप और रात्रि जागरण करने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं। साथ ही व्यक्ति को सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस दिन श्रद्धालु शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। आपको बता दें अधिक मास की मासिक शिवरात्रि 13 जून को मनाई जाएगी। आइए जानते हैं तिथि और पूजा का शुभ मुहूर्त…
मासिक शिवरात्रि 2026 डेट (Masik Shivratri 2026 Date)
वैदिक पंचाग के अनुसार, ज्येष्ठ अधिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 13 जून को दोपहर 04 बजकर 06 मिनट पर होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 14 जून को 12 बजकर 18 मिनट पर होगा। ऐसे में अधिक मासिक शिवरात्रि 13 जून को मनाई जाएगी।
मासिक शिवरात्रि शुभ मुहूर्त 2026
ब्रह्म मुहूर्त – सुबह 04 बजकर 02 मिनट से 04 बजकर 42 मिनट तक
अभिजित मुहूर्त- सुबह 11 बजकर 53 मिनट से 12 बजकर 49 मिनट तक
विजय मुहूर्त – दोपहर 02 बजकर 41 मिनट से 03 बजकर 37 मिनट तक
गोधूलि मुहूर्त – रात 07 बजकर 18 मिनट से 07 बजकर 39 मिनट तक
निशिता मुहूर्त – रात 11 बजकर 01 मिनट से 12 बजकर 41 मिनट तक
मासिक शिवरात्रि का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिक मास मासिक शिवरात्रि पर भगवान शिव की आराधना करने से जीवन के कष्ट, बाधाएं और नकारात्मक प्रभाव दूर होते हैं। यह दिन भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर माना जाता है। शिव पुराण में भी शिवरात्रि व्रत को मोक्षदायी बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक उपवास और पूजा करने से व्यक्ति को सुख, समृद्धि, आरोग्य और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।
