Maha Shivratri 2026, Bel Patra Ke Niyam: पंचांग के अनुसार महाशिवरात्रि का पर्व फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि को हर साल मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव की विधिवत पूजा करने के साथ-साथ व्रत रखने का विधान है। शिव पुराण के अनुसार, इस दिन शिव जी को जल चढ़ाने मात्र से वह अति प्रसन्न हो जाते हैं और सुख-समृद्धि, सुखी जीवन का आशीर्वाद देते हैं। महाशिवरात्रि के दिन बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने के लिए भक्त शिवलिंग पर जल, दूध, शहद, भस्म, धतूरा से लेकर बेलपत्र आदि चढ़ाते हैं। हर एक चीज चढ़ाने का अलग-अलग महत्व है। लेकिन इनमें से बेलपत्र का विशेष महत्व है। शिवपुराण के अनुसार माना जाता है कि भगवान शिव को जल के साथ मात्र बेलपत्र चढ़ाने से वह अति प्रसन्न हो जाते हैं। लेकिन कई बार गलत तरीके से बेलपत्र चढ़ाने से शुभ फलों की प्राप्ति नहीं होती है। आइए जानते हैं शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने के सही नियमों के बारे में…
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने नियम
इन दिनों बेलपत्र न तोड़ें
शिवपुराण के अनुसार सोमवार और चतुर्दशी तिथि के दिन बेलपत्र तोड़ना वर्जित माना गया है। इसलिए इन तिथियों से एक दिन पहले ही बेलपत्र तोड़ लेना चाहिए। बेलपत्र कभी बासी नहीं माना जाता, इस कारण पहले से तोड़ा गया बेलपत्र भी पूजा में उपयोग किया जा सकता है।
बेलपत्र तोड़ने की सही विधि
बेलपत्र तोड़ते समय ध्यान रखें कि केवल तीन पत्तियों वाला बिल्वपत्र ही तोड़ा जाए। कभी भी पूरी टहनी या डाल नहीं तोड़नी चाहिए, ऐसा करने से दोष लगता है। हमेशा केवल पत्तियों को ही अलग करना शास्त्र सम्मत माना गया है।
कैसा हो बेलपत्र
बेलपत्र ऐसा होना चाहिए जिसमें तीनों पत्तियां आपस में जुड़ी हुई हों और मिलकर एक पूर्ण पत्ती का रूप बनाती हों। इसे ही पूजा के लिए श्रेष्ठ माना गया है।
ऐसा बेलपत्र न चढ़ाएं
भगवान शिव को कभी भी गंदा, दाग-धब्बों वाला, कटा-फटा या टूटा हुआ बेलपत्र अर्पित नहीं करना चाहिए। पूजा में हमेशा स्वच्छ और साबुत बेलपत्र ही प्रयोग करें।
कितने बेलपत्र चढ़ाना शुभ माना जाता है
शिवपुराण के अनुसार शिवलिंग पर 3, 5, 11, 21, 51 या 101 बेलपत्र अर्पित करना विशेष रूप से शुभ और फलदायी माना गया है।
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने की विधि
सबसे पहले बेलपत्र को स्वच्छ जल से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद चंदन या केसर में गंगाजल मिलाकर एक लेप तैयार करें और लकड़ी की सहायता से बेलपत्र की तीनों पत्तियों पर ‘ऊं’ लिखें। चाहें तो बिना लिखे भी बेलपत्र चढ़ा सकते हैं। ध्यान रखें कि बेलपत्र का चिकना भाग शिवलिंग की ओर रहे।
यदि बेलपत्र उपलब्ध न हो तो क्या करें
यदि किसी कारणवश आपको बेलपत्र न मिले, तो शिव मंदिर में पहले से चढ़ा हुआ बेलपत्र भी दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। इसके लिए शिवलिंग से बेलपत्र उठाकर उसे गंगाजल या साधारण जल से धो लें और फिर श्रद्धा के साथ पुनः अर्पित करें। ऐसा करने से भी पुण्य और शुभ फल प्राप्त होते हैं।
वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस साल महाशिवरात्रि पर काफी शुभ राजयोगों का निर्माण होने वाला है। इस साल महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा। इस दिन बुधादित्य, लक्ष्मी नारायण, शुक्रादित्य से लेकर नवपंचम राजयोग का निर्माण होगा, जिससे 12 में से इन तीन राशि के जातकों को विशेष लाभ मिलने के योग बन रहे हैं। जानें इन लकी राशियों के बारे में
डिस्क्लेमर (Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, पंचांग और सामान्य लोक परंपराओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी पूर्ण सत्यता या इसके प्रभावों की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी उपाय, पूजा विधि या नियम को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के ज्योतिषी, पुरोहित या धर्मगुरु से सलाह अवश्य लें। यह सामग्री केवल पाठकों की सामान्य रुचि और जानकारी के लिए प्रकाशित की गई है।
