कई लोगों की हथेली पर तिल पाया जाता है। आप इसे सामान्य चीज समझकर नजरअंदाज कर देते होंगे। लेकिन हस्तरेखा विज्ञान में हथेली पर पाए जाने वाले तिलों का विशेष महत्व बताया गया है। हस्तरेखा के मुताबिक, हथेली के विभिन्न हिस्सों में पाए जाने वाले तिल अलग-अलग तरह की जानकारियां देते हैं। इन तिलों से किसी व्यक्ति की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। आपने देखा होगा कि कुछ लोगों की तर्जनी अंगुली के नीचे वाले हिस्से(सूर्य पर्वत) पर तिल पाया जाता है। हस्तरेखा में इस तिल को अच्छा नहीं माना गया है। कहते हैं कि हथेली पर यह तिल धारण करने वाले लोगों को अपने जीवन में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि यदि ये लोग थोड़ा धैर्य रखकर आगे बढ़ें तो सफलता जरूर मिलती है।
आपने देखा होगा कि कुछ लोगों की कनिष्ठा अंगुली पर तिल होता है। हस्तरेखा में इस तिल को बहुत ही शुभ माना गया है। कहा जाता है कि ये लोग भाग्यशाली होते हैं। इनकी किस्मत इनका साथ देती है। इसके साथ ही ये लोग अपने जीवन में धन-संपत्ति भी खूब हासिल करते हैं। हस्तेरखा में मध्यमा अंगुली पर स्थित तिल को भी काफी शुभ बताया गया है। कहते हैं कि ऐसे लोगों का जीवन सुख में व्यतीत होता है। इन लोगों को सफलता पाने के लिए बहुत संघर्ष नहीं करना पड़ता।
कुछ लोगों की हथेली पर स्थित चंद्र पर्वत पर भी तिल पाया जाता है। हस्तरेखा में इस तिल को भी बहुत अच्छा नहीं माना गया है। कहते हैं कि हथेली पर यह तिल धारण करने वाले लोग चंचल स्वभाव के होते हैं। इन लोगों का किसी एक जगह पर मन नहीं लगता। साथ ही इन्हें सच्चा प्यार भी बड़ी मुश्किल से मिलता है। ये लोग मेहनती स्वभाव के होते हैं। हालांकि सफलता पाने के लिए इन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता है।