Kitchen vastu tips: घर की रसोई सिर्फ खाना बनाने की जगह नहीं होती, बल्कि इसे मां अन्नपूर्णा का वास स्थान माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोई में की गई छोटी-सी गलती भी घर-परिवार पर बड़ा असर डाल सकती है। मान्यता है कि अगर रसोई में जरूरी चीजें खत्म हो जाएं तो मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं और इसका सीधा असर धन, सुख-शांति और आपसी रिश्तों पर पड़ता है। वहीं अगर रसोई का वास्तु सही हो और जरूरी वस्तुएं हमेशा मौजूद रहें, तो घर में खुशहाली, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। आज हम आपको बताएंगे कि वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोई में किन चीजों को कभी खत्म नहीं होने देना चाहिए और इसके पीछे क्या कारण माने जाते हैं।
नमक
नमक हर रसोई की सबसे जरूरी चीजों में से एक है। यह सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि वास्तु शास्त्र में इसे बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। मान्यता है कि रसोई में नमक का डिब्बा कभी भी पूरी तरह खाली नहीं होना चाहिए। अगर नमक खत्म हो जाए तो इसका नकारात्मक असर घर के वातावरण पर पड़ता है। इससे परिवार के सदस्यों के बीच तनाव, बहस और कलह बढ़ सकती है। कई वास्तु मान्यताओं के अनुसार नमक की कमी से धन संबंधी परेशानियां भी आने लगती हैं। इसलिए हमेशा ध्यान रखें कि रसोई में नमक पर्याप्त मात्रा में मौजूद हो। अगर नमक खत्म होने वाला हो, तो पहले से नया नमक जरूर ले आएं।
चावल
चावल को हिंदू धर्म में बहुत ही शुभ और पवित्र माना गया है। पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों में चावल का इस्तेमाल अक्षत के रूप में किया जाता है। ज्योतिष के अनुसार चावल का संबंध चंद्रमा और शुक्र ग्रह से होता है, जो मन, सुख और वैभव के कारक माने जाते हैं। अगर रसोई में चावल खत्म हो जाते हैं, तो इसका असर सीधे जीवन पर पड़ता है। मान्यता है कि इससे धन की कमी, मानसिक अशांति और पारिवारिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए कोशिश करें कि रसोई में चावल का भंडार कभी खाली न हो।
हल्दी
हल्दी भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है और इसका धार्मिक व ज्योतिषीय महत्व भी बहुत ज्यादा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हल्दी का संबंध देवगुरु बृहस्पति से होता है। बृहस्पति ग्रह को धन, ज्ञान, सम्मान, सुख और पारिवारिक खुशहाली का कारक माना जाता है। अगर रसोई में हल्दी का डिब्बा खाली हो जाए, तो माना जाता है कि गुरु ग्रह कमजोर होने लगता है। इसका असर परिवार के सदस्यों की तरक्की, शिक्षा और आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है। हल्दी की कमी से घर की सकारात्मक ऊर्जा भी कम होने लगती है। इसलिए रसोई में हल्दी हमेशा जरूर रखें और ध्यान दें कि इसका डिब्बा कभी खाली न हो।
डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।
