Vivah Panchami 2022 Shubh Muhurat: विवाह पचंमी तिथि का शास्त्रों में विशेष महत्व है। पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को भगवान राम ने माता सीता के साथ विवाह किया था। इसलिए इस दिन भगवान राम और माता सीता का विवाहोत्सव मनाया जाता है। इस साल विवाह पंचमी 28 नवंबर सोमवार को मनाई जाएगी। वहीं इस दिन दो शुभ योग भी बन रहे हैं, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। आइए जानते हैं तिथि, शुभ मुहूर्त और महत्व…
जानिए विवाह पंचमी तिथि
फ्यूचर पंचांग के अनुसार इस साल मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की विवाह पंचमी 27 नवंबर 2022 को शाम 04 बजकर 24 मिनट से शुरू हो रही है और यह अगले दिन 28 नवंबर 2022 को दोपहर 01 बजकर 34 मिनट पर समाप्त हो जाएगी। इसलिए उदयातिथि के अनुसार विवाह पंचमी 28 नवंबर को मनाई जाएगी।
बन रहे हैं ये शुभ योग
विवाह पंचमी के दिन अभितिज मुहूर्त सुबह 11 बजकर 53 मिटन से शुरू हो रहा है जो दोपहर 12 बजकर 36 मिनट तक रहेगा। साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 10 बजकर 29 मिनट से आरंभ होगा जो कि अगले दिन सुबह 6 बजकर 54 मिनट तक रहेगा। वहीं रवि योग सुबह 10 बजकर 28 मिनट से शुरू होगा जो कि अगले दिन सुबह 06 बजकर 54 मिनट तक रहेगा। इन योगों को ज्योतिष शास्त्र में विशेष माना जाता है। साथ ही इन योगों में पूजा करने का दोगुना फल प्राप्त होता है।
जानिए कैसे कराएं राम-सीता का विवाह
विवाह पंचमी के दिन सुबह जल्दी स्नान कर लें और फिर साफ सुथरे वस्त्र धारण कर लें। इसके बाद पूजा की चौकी पर भगवान राम और माता सीता की मूर्ति की स्थापना करें। इसके बाद भगवान राम को पीले वस्त्र और माता सीता लाल वस्त्र अर्पित कीजिए। साथ ही इसके बाद माता सीता और भगवान राम का गठबंधन करें। वहीं गठबंधन किए हुए वस्त्रों को अपने पास रख लें।
मान्यता है कि इस दिन भगवान राम व माता सीता का विवाह करवाने से सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्राप्त होता है। साथ ही जिन लोगों के विवाह में बाधा आ रही हो वो लोग भी इस दिन माता सीता और भगवान राम का गठबंधन कर सकते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से विवाह में आ रही बाधाएं समाप्त होती है और शादी के जल्दी योग बनते हैं।