Astro Tips: हर इंसान चाहता है कि उसके घर में हमेशा सुख-शांति और धन-समृद्धि बनी रहे। लेकिन कई बार अनजाने में हम ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनसे मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं। जिसका असर हमारे जीवन पर पड़ता है। वैदिक ज्योतिष और शास्त्रों में ऐसे कई सरल उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर आर्थिक परेशानियों से राहत पाई जा सकती है और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त की जा सकती है। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 आसान और प्रभावी उपाय, जो आपके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
नौकरी में सफलता के लिए
अगर आप नौकरी न मिलने से परेशान हैं या कार्यस्थल पर लगातार समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो हनुमान जी की पूजा आपके लिए लाभकारी हो सकती है। शास्त्रों के अनुसार हनुमान जी संकटमोचक हैं, यानी वे जीवन के कष्ट दूर करते हैं। शाम के समय हनुमान मंदिर जाकर उनके दर्शन करें, दीपक जलाएं और फूल अर्पित करें। इसके साथ ही रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ करें। ऐसा माना जाता है कि नियमित पाठ से मन मजबूत होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और रुके हुए काम पूरे होने लगते हैं।
सुख-समृद्धि के लिए कनकधारा स्तोत्र का पाठ
मां लक्ष्मी की विशेष कृपा पाने के लिए कनकधारा स्तोत्र का पाठ बहुत प्रभावी माना गया है। प्रतिदिन मां लक्ष्मी के सामने घी का दीपक जलाएं और श्रद्धा के साथ कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें। शास्त्रों में बताया गया है कि इस स्तोत्र के नियमित पाठ से घर में धन का प्रवाह बना रहता है और आर्थिक तंगी दूर होती है। साथ ही घर का वातावरण भी सकारात्मक रहता है।
साफ-सफाई से मिलती है लक्ष्मी कृपा
कहा जाता है कि मां लक्ष्मी स्वच्छता पसंद करती हैं। जिस घर में साफ-सफाई रहती है, वहां उनका वास होता है। इसलिए रोजाना घर की सफाई करना बहुत जरूरी है। लेकिन एक बात का विशेष ध्यान रखें कि सूर्यास्त के समय या उसके बाद कभी भी झाड़ू न लगाएं। मान्यता है कि ऐसा करने से धन का नुकसान होता है और लक्ष्मी जी नाराज हो जाती हैं।
झाड़ू का सम्मान
ज्योतिष शास्त्र में झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। इसलिए झाड़ू का सम्मान करना बहुत जरूरी है। अगर गलती से झाड़ू पैर से छू जाए, तो उसे हाथ से उठाकर माथे से लगाएं और मन ही मन माफी मांगें। घर में झाड़ू को हमेशा छुपाकर रखें और खुले में न छोड़ें। माना जाता है कि जिस घर में झाड़ू का अपमान होता है, वहां मां लक्ष्मी अधिक समय तक नहीं रुकतीं।
दीपक और गीता पाठ से दूर होंगी परेशानियां
घर के मंदिर में रोज सुबह और शाम घी का दीपक जलाना बहुत शुभ माना गया है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और धन-धान्य की कमी नहीं होती। इसके साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता का नियमित पाठ करने से मानसिक शांति मिलती है और जीवन की समस्याओं का समाधान मिलता है। विशेष रूप से गीता के 11वें अध्याय का पाठ करने से धन संबंधी परेशानियां दूर होने की मान्यता है।
यह भी पढ़ें:
डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।
