Guru Mahadasha Effect: ज्योतिष में नवग्रहों का वर्णन मिलता है। इन ग्रहों की महादशा का प्रभाव का मनुष्य के ऊपर पड़ता है। वहीं दशा में व्यक्ति को कैसा फल प्राप्त होगा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उसकी कुंडली में वह ग्रह किस स्थिति में विराजमान है। यहां हम बात करने जा रहे हैं गुरु ग्रह की महादशा के बारे में, जो 16 साल तक रहती है। अगर कुंडली में गुरु ग्रह सकारात्मक विराजमान हो तो व्यक्ति भाग्यशाली होता है। इसके प्रभाव से जातकों का व्यक्तित्व सुंदर और आकर्षक होता है। ऐसे व्यक्ति उच्च शिक्षित, ज्ञानवान और उदारवादी विचारों के होते हैं। आइए जानते हैं गुरु की महादशा का जीवन में प्रभाव और उपाय…
गुरु ग्रह की महादशा का जीवन में प्रभाव
अगर कुंडली में गुरु ग्रह शुभ हो स्थित
गुरु ग्रह अगर कुंडली में शुभ विराजमान हो तो व्यक्ति को कार्यक्षेत्र में लाभ प्राप्त होता है। साथ ही जातक शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल रहता है। उसके जीवन में धन की कमी नहीं रहती। वहीं व्यक्ति का पूजा पाठ में मन लगता है। मतलब वह आशावादी और भगवान में आस्था रखने वाला होता है। वह ज्ञानी और ईमानदार होता है। गुरु बृहस्पति संतान सुख भी प्रदान करते हैं। गुरु ग्रह सकारात्मक होने से व्यक्ति शिक्षा विभाग में कार्य करता है। साथ ही वह ज्योतिष के क्षेत्र में भी अच्छा नाम कमाता है। वहीं अगर किसी व्यक्ति पर गुरु ग्रह की महादशा चल रही हो तो व्यक्ति को इन चीजों से संबंधित फल प्राप्त होते हैं।
अगर कुंडली में गुरु ग्रह अशुभ हो स्थित
गुरु ग्रह अगर जन्म कुंडली में अशुभ स्थित हो तो व्यक्ति को कार्यक्षेत्र में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उसका पूजा-पाठ में मन नहीं लगता है। साथ ही वह नास्तिक भी होता है। बृहस्पति ग्रह से व्यक्ति को पेट से सबंधित रोग, अपच, पेट दर्द, एसिडिटी, कमज़ोर पाचन तंत्र, कैंसर जैसी बीमारी होने का ख़तरा रहता है। साथ ही व्यक्ति को वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त नहीं होता है और विवाह होने में बाधा आती है।
गुरु ग्रह के उपाय
1- अगर कुंडली में गुरु ग्रह अशुभ स्थित हो तो बृहस्पतिवार के व्रत रखें। भगवान बृहस्पति देव की उपासना करें।
2- नहाने के पानी में हल्दी डालकर, उस पानी से नहाएं। ऐसा करने से गुरु ग्रह का अशुभ प्रभाव कम होगा।
3- गुरुवार के दिन मंदिर जाकर केले के पेड़ की पूजा करें। पूजा करते हुए केले के पेड़ पर हल्दी, गुड़ और चने की दाल चढ़ाएं।
4- गुरुवार के दिन गरीबों या जरूरतमंदों को पीली चने की दाल, केले और पीली मिठाई दान करें।