भजन और भागवत कथा ही नहीं, इन कामों के लिए भी चर्चित हैं जया किशोरी; जानकर आप भी हो जाएंगे फैन
जया किशोरी समाज कल्याण से जुड़े कामों में आगे रहती हैं। वो शिक्षा, पर्यावरण और योग के लिए भी कई कार्य करती हैं।

जया किशोरी चर्चित भजन गायिका और कथावाचक हैं। अपने फैंस के बीच वो काफी लोकप्रिय हैं। 7 साल की उम्र से ही जया किशोरी आध्यात्म की ओर मुड़ गईं थीं। किशोरी जी भजन और भागवत कथा वाचन के अलावा समाज कल्याण के काम से भी जुड़ी हुईं हैं और चैरिटी के लिए भी जानी जाती हैं। वो शिक्षा, पर्यावरण और योग के लिए भी कई कार्य करती हैं।
लड़कियों की शिक्षा को आगे बढ़ाने का करतीं हैं काम- उनकी वेबसाइट Iamjayakishori.Com के मुताबिक, जया किशोरी लड़कियों की शिक्षा को भी आगे बढ़ाने का काम करती हैं। वेबसाइट पर यह बताया गया है कि जया किशोरी प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए कैंपेन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लिए भी खुलकर बोलती हैं और उसका समर्थन करती हैं। वो अपने प्रवचनों में भी स्त्री शिक्षा पर जोर देती हैं।
प्रकृति को बचाने के लिए हैं तत्पर- जया किशोरी प्रकृति को बचाने के लिए अभियान चलाती हैं। वो खुद भी बहुत से पौधे लगाती हैं ताकि हमारी प्रकृति हमारे आस- पास रहे। उनकी वेबसाइट के मुताबिक, जया किशोरी चाहती हैं कि उनका यह संदेश देश – विदेश तक पहुंचे कि हमें एक संस्कृति बनाने की जरूरत है जहां पेड़- पौधों को बच्चों की तरह पाला जाए।
योगा को भी बढ़ावा देती हैं जया किशोरी- योगा आज हमारे स्वस्थ जीवन की कुंजी बन चुका है। जया किशोरी इस बात को बखूबी समझती हैं और इसलिए वो योगा को बढ़ावा देने का काम करती हैं। उनके वेबसाइट के मुताबिक, वो खुद भी समर्पण भाव से हर रोज योगा करती हैं।
वो चाहती हैं कि विश्वभर में यह संदेश पहुंचे कि योगा हर आदमी के जीवन के लिए कितना जरूरी है। जया किशोरी अपने इन अभियानों की मदद से दुनिया में बदलाव लाने की कोशिश कर रही हैं।