2021 में कब है होली, जानें होलाष्टक से लेकर होलिका दहन तक की सभी जरूरी डिटेल्स
Holi, Holika Dahan, Holashtak Date: 28 मार्च 2021, रविवार को होलिका दहन होगा। बता दें कि होलिका दहन को लेकर प्रहलाद और उसकी बुआ होलिका का प्रसंग चर्चित है

Holi 2021 Date: हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है होली। रंगों का ये त्योहार देश भर में पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाता है। हिंदू पंचांग के मुताबिक हर साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को होली का त्योहार आता है। रंग खेलने वाले दिन को धुलेंदी कहते हैं, जबकि उससे एक दिन पहले होलिका दहन होती है। इस साल होली का त्योहार 29 मार्च को है, जबकि 28 को होलिका दहन होगा। बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में इस पर्व को मनाया जाता है। इसी दिन से चैत्र कृष्ण पक्ष की शुरुआत भी हो जाती है। आइए जानते हैं इससे जुड़ी अन्य बातें –
कब है होलाष्टक: ज्योतिष शास्त्र में होलाष्टक को शुभ नहीं माना जाता है। इसलिए होली से 8 दिन पहले शुभ कार्यों को करना वर्जित होता है। इन 8 दिनों में शादी, गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्य नहीं किये जाते हैं। इसे होली के आने की सूचना भी कहा जाता है, यही कारण है कि होली को कुल 9 दिनों का त्योहार माना जाता है। वर्ष 2021 में 22 मार्च 2021 से 28 मार्च, 2021 के मध्य तक होलाष्टक का समय माना जाता है। मुख्य रुप से पंजाब और उत्तरी भारत में ये 8 दिन महत्वपूर्ण होते हैं।
होलिका दहन की तिथि: 28 मार्च 2021, रविवार को होलिका दहन होगा। बता दें कि होलिका दहन को लेकर प्रहलाद और उसकी बुआ होलिका का प्रसंग चर्चित है। भगवान विष्णु के परम भक्त प्रहलाद को इस वजह से उनके पिता राक्षस हिरण्यकश्यप पसंद नहीं करते थे। असुर की बहन होलिका को वरदान प्राप्त था कि वो आग में जल नहीं सकती है, ऐसे में हिरण्यकश्यप ने उसे आज्ञा दी कि वो प्रहलाद को लेकर अग्नि में बैठ जाए जिससे वो जलकर मर जाए। लेकिन विष्णु भगवान की कृपा से प्रहलाद बच गए और होलिका जल गई।
जानें शुभ मुहूर्त:
पूर्णिमा तिथि शुरू : 28 मार्च 2021, रविवार सुबह 3 बजकर 27 मिनट से
पूर्णिमा तिथि समाप्त : 29 मार्च 2021, सोमवार रात 12 बजकर 17 मिनट तक
29 मार्च 2021 भद्रा पूंछ – सुबह 10 बजकर 13 मिनट से लेकर सुबह 11 बजकर 16 मिनट तक
29 मार्च 2021 भद्रा मुख – 11 बजकर 16 मिनट से लेकर दोपहर 1 बजे तक