दिव्य धाम की सीरीज में आज हम बात करने जा रहे हैं उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में स्थित हनुमान धारा मंदिर के बारे में, हनुमान धारा श्रद्धालुओं के लिए बेहद पवित्र और रहस्यमयी धार्मिक स्थल माना जाता है। विंध्य पर्वत की ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित यह स्थान भगवान हनुमान की भक्ति, प्राकृतिक सौंदर्य और पौराणिक मान्यताओं का अनोखा संगम है। यहां पहाड़ों से निकलती जलधारा सीधे हनुमान जी की प्रतिमा पर गिरती है, जिसे देखने के लिए हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 350 से 400 के बीच खड़ी और घुमावदार सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। बुजुर्गों और चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक रोपवे की सुविधा भी उपलब्ध है।
घर की सीढ़ियों के नीचे क्या रखना चाहिए और क्या नहीं, जानिए क्या कहता है वास्तु शास्त्र
क्या है हनुमान धारा की मान्यता?
पौराणिक कथा के अनुसार, जब भगवान हनुमान ने लंका दहन किया था, तब उनके शरीर में अग्नि की तीव्र तपन बनी रही। इसके बाद भगवान श्रीराम ने उन्हें चित्रकूट आने का निर्देश दिया। मान्यता है कि हनुमान जी ने यहां तपस्या की और तभी पहाड़ से शीतल जलधारा प्रकट हुई, जिसने उनके शरीर की जलन शांत कर दी। तभी से इस स्थान को “हनुमान धारा” कहा जाने लगा।
यहां स्थित विशाल हनुमान प्रतिमा के ऊपर दो कुंड बने हुए हैं, जिनसे निरंतर जल बहता रहता है। भक्तों का विश्वास है कि इस जलधारा के दर्शन और स्नान से मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है।
हनुमान धारा का धार्मिक महत्व
चित्रकूट को भगवान श्रीराम की तपोस्थली माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण ने अपने 14 वर्षों में से लगभग 11 वर्ष चित्रकूट में बिताए थे। हनुमान धारा इसी पवित्र भूमि का प्रमुख तीर्थ स्थल है।
यह स्थान केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक सुंदरता के कारण भी प्रसिद्ध है। पहाड़ी पर चढ़ते समय श्रद्धालुओं को चित्रकूट का मनोरम दृश्य देखने को मिलता है। मंदिर के आसपास कई छोटे-छोटे मंदिर और पौराणिक स्थल मौजूद हैं, जिनमें सीता रसोई भी प्रमुख है।
कैसे पहुंचे हनुमान धारा?
हनुमान धारा पहुंचने के लिए सबसे पास रेलवे स्टेशन कर्वी है, जो प्रयागराज से लगभग 120 किलोमीटर दूर है। रेलवे स्टेशन से टैक्सी और ऑटो की सुविधा आसानी से मिल जाती है। अगर आप सड़क मार्ग से जाना चाहते हैं, तो चित्रकूट उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। निकटतम एयरपोर्ट प्रयागराज और खजुराहो हैं, जहां से सड़क मार्ग से चित्रकूट पहुंचा जा सकता है।
डिसक्लेमर- यह लेख धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक कथाओं और उपलब्ध ऐतिहासिक जानकारी पर आधारित है। मंदिर से जुड़ी मान्यताओं पर आस्था व्यक्ति विशेष की हो सकती है। यात्रा से पहले स्थानीय प्रशासन या आधिकारिक स्रोतों से समय और व्यवस्थाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
