Guru Pradosh Vrat 2026: हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है। भगवान शिव को समर्पित प्रदोष व्रत माह में दो बार मनाया जाता है। हर मास के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है। इस बार का प्रदोष व्रत काफी खास है, क्योंकि गुरुवार के दिन पड़ने के कारण इसे गुरु प्रदोष व्रत कहा जाएगा। इसके साथ ही शुक्ल योग का निर्माण हो रहा है। गुरु प्रदोष व्रत 8 अक्टूबर 2026 को रखा जाएगा। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा करने के साथ व्रत रखने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत को करने से भगवान शिव के साथ-साथ देवगुरु बृहस्पति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। सुख-समृद्धि, ऐश्वर्य की प्राप्ति हो सकती है। जानिए गुरु प्रदोष व्रत का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र और आरती…
गुरु प्रदोष व्रत 2026?
आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ – 7 अक्टूबर 2026 को रात 11 बजकर 16 मिनट पर
आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि समाप्त – 8 अक्टूबर 2026 को रात 10 बजकर 15 मिनट पर
गुरु प्रदोष व्रत तिथि- 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार
गुरु प्रदोष व्रत 2026 शुभ मुहूर्त
प्रदोष पूजा मुहूर्त – शाम 05 बजकर 59 मिनट से रात 8 बजकर 27 मिनट तक
अवधि – 02 घण्टे 28 मिनट
ध्यान रखें- क्षेत्र, शहर के हिसाब से समय पर थोड़ा परिवर्तन हो सकता है
गुरु प्रदोष व्रत 2026 पूजा विधि (Guru Pradosh Vrat 2026 Puja Vidhi)
गुरु प्रदोष व्रत को सूर्योदय से पहले उठकर सभी कामों से निवृत्त होकर स्नान कर लें और साफ-शुद्ध वस्त्र धारण कर लें। अगर आप व्रत रख रहे हैं, तो हाथों में फूल, अक्षत लेकर शिव जी का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें। इसके बाद सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पूजा आरंभ करें।
शिव मंदिर या फिर घर पर ही शिवलिंग का जलाभिषेक, दूध से अभिषेक करें। इसके बाद दिनभर व्रत रखें। फिर शाम को प्रदोष काल में पूजा आरंभ करें। दोबारा स्नान आदि कर लें। पूजा स्थल में जाकर गणेश जी की पूजा के बाद शिव पूजन करें। भोलेनाथ को गाय के दूध, घी, गंगाजल, दही, शहद, शक्कर आदि से अभिषेक करें और फिर नीले या अन्य रंग के फूल, माला, सफेद चंदन, धतूरा, बेलपत्र, भस्म, अक्षत, कलावा, आक के फूल, जनेऊ, अर्पित करें। फिर घी का दीपक और धूप जलाकर शिव जी के मंत्रों का जाप और चालीसा का पाठ करें। इसके साथ ही प्रदोष व्रत कथा का पाठ या श्रवण करें। अंत में विधिवत तरीके से आरती करके भूल-चूक के लिए माफी मांग लें।
गुरु प्रदोष व्रत में करें इन मंत्रों का जाप
भगवान शिव का गायत्री मंत्र – ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥
महामृत्युंजय मंत्र- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥
शिव से क्षमा प्रार्थना– करचरण कृतं वाक्कायजं कर्मजं वा । श्रवणनयनजं वा मानसं वापराधं । विहितमविहितं वा सर्वमेतत्क्षमस्व । जय जय करुणाब्धे श्रीमहादेव शम्भो ॥
पंचाक्षर मंत्र- ऊं नम: शिवाय:
शिव जी आरती लिरिक्स (Shiv Ji Aarti)
ॐ जय शिव ओंकारा, स्वामी जय शिव ओंकारा।
ब्रह्मा, विष्णु, सदाशिव, अर्द्धांगी धारा॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
एकानन चतुरानन पञ्चानन राजे।
हंसासन गरूड़ासन वृषवाहन साजे॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
दो भुज चार चतुर्भुज दसभुज अति सोहे।
त्रिगुण रूप निरखत त्रिभुवन जन मोहे॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
अक्षमाला वनमाला मुण्डमालाधारी।
त्रिपुरारी कंसारी कर माला धारी॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
श्वेताम्बर पीताम्बर बाघंबर अंगे।
सनकादिक गरुड़ादिक भूतादिक संगे॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
कर के मध्य कमण्डल चक्र त्रिशूलधारी।
जगकर्ता जगभर्ता जगसंहारकर्ता॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
ब्रह्मा विष्णु सदाशिव जानत अविवेका।
प्रणवाक्षर के मध्ये ये तीनों एका॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
पर्वत सोहैं पार्वती, शंकर कैलासा।
भांग धतूरे का भोजन, भस्मी में वासा॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
जटा में गंग बहत है, गल मुण्डन माला।
शेष नाग लिपटावत, ओढ़त मृगछाला॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
काशी में विराजे विश्वनाथ, नन्दी ब्रह्मचारी।
नित उठ दर्शन पावत, महिमा अति भारी॥ ओम जय शिव ओंकारा॥
त्रिगुणस्वामी जी की आरति जो कोइ नर गावे।
कहत शिवानन्द स्वामी, मनवान्छित फल पावे॥
ओम जय शिव ओंकारा॥ स्वामी ओम जय शिव ओंकारा
गुरु प्रदोष व्रत के उपाय (Guru Pradosh Vrat 2026 Upay)
करें शिवलिंग का अभिषेक
गुरु प्रदोष व्रत को प्रदोष काल के समय शिवलिंग पर दूध, दही, घी, पंचामृत, गन्ने का रस आदि अर्पित कर सकते हैं।
शिवलिंग पर चढ़ाएं चंदन
गुरु प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग और भगवान शिव को सफेद रंग का चंदन लगाएं। मान्यता है कि ऐसा करने से महादेव अति प्रसन्न होते हैं।
चढ़ाएं बेलपत्र
गुरु प्रदोष व्रत पर भगवान शिव को बेलपत्र चढ़ाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि बेलपत्र चढ़ाने से मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं।
करें महामृत्युंजय मंत्र का जाप
प्रदोष काल में महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसे में आप गुरु प्रदोष व्रत के दिन 108 बार इस मंत्र का जाप करें।
ॐ हौं जूं सः ॐ भूर्भुवः स्वः
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात् ॥
डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।
