Dream Interpretation: सपने में मां काली का दिखना शुभ होता है या अशुभ, जानिये किन देवियों का सपना माना जाता है शुभ संकेत
Dream Related To Goddesses: मां भगवती के स्वरूपों में देवी दुर्गा का स्वरूप भक्तों को सुख पहुंचाने वाला माना जाता है।

Dream Meaning In Hindi: सपने हमारे जीवन से संबंधित होते हैं। स्वप्न शास्त्र में ऐसा माना जाता है कि सपने हमारे आने वाले जीवन और हालातों के बारे में हमें सचेत करते हैं। हर सपने का अलग महत्व और मतलब होता है। कई बार लोगों को सपने में देवियों के दर्शन होते हैं। कुछ लोग इसे नकारात्मक मानते हैं वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह शुभ सपने होते हैं। स्वप्न शास्त्र की इस स्टोरी में जानिये सपने में देवियों के आने का फल –
काली मां के दर्शन: लोग अक्सर काली माता को सपने में देखकर डर जाते हैं। लेकिन स्वप्न शास्त्र की मानें तो काली माता अपने भक्तों पर कृपा बरसाने के लिए ही उन्हें सपने में दर्शन देती हैं। देवी काली तो सभी सुखों को देने वाली हैं। माता काली का सपने में दिखना सबसे शुभ फलों में से एक माना जाता है। काली माता डर और बुराई का नाश करने वाली और चिंतामुक्त करने वाली हैं।
सपने में दिखे देवी दुर्गा: मां भगवती के स्वरूपों में देवी दुर्गा का स्वरूप भक्तों को सुख पहुंचाने वाला माना जाता है। सपने में लाल वस्त्रों में मुस्कुराती हुईं देवी दुर्गा के दर्शन करना अत्यंत शुभ होता हैं। यह इस ओर संकेत करता है कि आपकी जिंदगी में कुछ अच्छा होने वाला है। वहीं, दूसरी ओर ऐसा माना जाता है कि शेर पर सवार देवी दुर्गा को सपने में दिखना समस्याओं का आना दर्शाता है।
देवी लक्ष्मी के दर्शन: सपने में माता लक्ष्मी के दर्शन हो जाएं तो व्यक्ति को स्वयं को भाग्यशाली मानना चाहिए। लक्ष्मी माता जल्दी से किसी व्यक्ति के सपने में नहीं आती हैं। देवी लक्ष्मी सुख-समृद्धि और धन-धान्य की दात्री हैं। उनका सपने में दिखना धन से जुड़े क्षेत्रों में शुभ फलों को देने वाला माना जाता है। सपने में माता लक्ष्मी को देखने पर अपना सपना किसी को न बताएं।
माता पार्वती को देखने का फल: माता पार्वती अगर सपने में दिखें तो इस सपने को जीवन में शांति लाने वाला मानना चाहिए। अगर आप काफी समय से झगड़े और क्लेश में फंसे हुए हैं तो माता पार्वती का सपने में आना यह संकेत है कि आपकी समस्याएं जल्द ही समाप्त होने वाली हैं। देवी पार्वती जीवन से परेशानियों को मिटाने वाली और सुखों को जीवन में भर देने वाली हैं।
सरस्वती माता का सपना: अगर आपको सपने में सरस्वती माता के दर्शन हुए हैं तो आप यह मान लीजिए कि विद्या से संबंधित कुछ शुभ आपके जीवन में होने वाला है। अगर आप पढ़ाई नहीं करते हैं तो यह सपना आपके बच्चों की पढ़ाई से जुड़ा भी हो सकता है। साथ ही इस सपने का सीधा संबंध कला या कलात्मक चीजों में सफलता से भी हो सकता है।