Dhanteras 2026 : हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। आज देशभर में धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरी अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी कारण इसे धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि के साथ मां लक्ष्मी के साथ कुबेर जी की पूजा-अर्चना की जाती हैं। इसके अलावा धनत्रयोदशी को सोना-चांदी के अलावा गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, दिवाली का सामान के साथ झाड़ू, बर्तन, वाहन, प्रॉपर्टी आदि खरीदना शुभ माना जाता है। इस साल धनतेरस पर कलात्मक, लक्ष्मी नारायण, बुधादित्य, शुक्रादित्य से लेकर कई राजयोगों का भी निर्माण हो रहा है। आइए जानते हैं धनतेरस का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, खरीदारी का समय, व्रत कथा, मंत्र, आरती सहित अन्य जानकारी..
धनतेरस 2026 खरीदारी का पूजा मुहूर्त (Dhanteras 2026 Puja Muhurat)
धनतेरस पूजा मुहूर्त – 06:02 पी एम से 07:57 पी एम
अवधि – 01 घण्टा 56 मिनट
अभिजीत मुहूर्त – सुबह 11:48 से दोपहर 12:32 तक
अमृत काल – रात 10:30 बजे से 12:10 एएम तक
ब्रह्म मुहूर्त – सुबह 05:03 से 05:51 बजे तक
प्रदोष काल – 05:33 पी एम से 08:09 पी एम
वृषभ काल – 06:02 पी एम से 07:57 पी एम
7 नवंबरको खरीदारी का शुभ मुहूर्त
बता दें कि कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 7 नवंबर को सुबह 10 बजकर 47 मिनट पर समाप्त होगी। इस अवधि तक आप खरीदारी कर सकते हैं।
धनतेरस 2026 उपाय। धनतेरस 2026 राशिफल। धनतेरस खरीदारी का समय। वाहन खरीदने का मुहूर्त। धन्वंतरी आरती। यम दीपक की दिशा
Narak Chaturdashi 2026 LIVE: कब है नरक चतुर्दशी
द्रिक पंचांग के अनुसार, नरत चतुर्दशी कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती है। इस साल चतुर्दशी तिथि 7 नवंबर की सुबह 10:47 बजे से आरंभ हो रहा है, जो 8 नवंबर की सुबह 11:27 बजे तक रहेगी। ऐसे में उदया तिथि के हिसाब से नरक चतुदर्शी 8 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर तुलसी के पास जलाएं दीपक
धनतेरस की शाम तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है। हिंदू धर्म में तुलसी को पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि तुलसी के पास दीपदान करने से घर में सुख-शांति और सकारात्मकता बनी रहती है। दीपक जलाते समय पौधे और आसपास की ज्वलनशील वस्तुओं से सुरक्षित दूरी रखें।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस की शाम भूलकर भी न करें ये गलतियां
धनतेरस की शाम पूजा के समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। पूजा स्थल पर गंदगी न रहने दें और दीपक को जलाकर असुरक्षित स्थान पर न छोड़ें। घर में झगड़ा, अपशब्द और नकारात्मक व्यवहार करने से बचें। खरीदारी के लिए कर्ज लेकर अनावश्यक खर्च करने से भी बचना चाहिए। त्योहार को श्रद्धा, संयम और खुशियों के साथ मनाएं।
Dhanteras 2026 Live:धनतेरस पर घर के मंदिर में जरूर करें ये काम
धनतेरस की शाम घर के मंदिर को फूलों और दीपकों से सजाएं। भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि के सामने घी का दीपक जलाएं। धूप और अगरबत्ती अर्पित करके आरती करें। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों के साथ मिलकर सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना करें।
कुबेर चालीसा
॥ दोहा ॥
जैसे अटल हिमालय,और जैसे अडिग सुमेर ।ऐसे ही स्वर्ग द्वार पे,अविचल खडे कुबेर ॥
विघ्न हरण मंगल करण,सुनो शरणागत की टेर ।भक्त हेतु वितरण करो,धन माया के ढेर ॥
॥ चौपाई ॥जै जै जै श्री कुबेर भण्डारी ।धन माया के तुम अधिकारी ॥
तप तेज पुंज निर्भय भय हारी ।पवन वेग सम सम तनु बलधारी ॥
स्वर्ग द्वार की करें पहरे दारी ।सेवक इंद्र देव के आज्ञाकारी ॥
यक्ष यक्षणी की है सेना भारी ।सेनापति बने युद्ध में धनुधारी ॥4॥
महा योद्धा बन शस्त्र धारैं ।युद्ध करैं शत्रु को मारैं ॥
सदा विजयी कभी ना हारैं ।भगत जनों के संकट टारैं ॥
प्रपितामह हैं स्वयं विधाता ।पुलिस्ता वंश के जन्म विख्याता ॥
विश्रवा पिता इडविडा जी माता ।विभीषण भगत आपके भ्राता ॥8॥
शिव चरणों में जब ध्यान लगाया ।घोर तपस्या करी तन को सुखाया ॥
शिव वरदान मिले देवत्य पाया ।अमृत पान करी अमर हुई काया ॥
धर्म ध्वजा सदा लिए हाथ में ।देवी देवता सब फिरैं साथ में ॥
पीताम्बर वस्त्र पहने गात में ।बल शक्ति पूरी यक्ष जात में ॥12॥
स्वर्ण सिंहासन आप विराजैं ।त्रिशूल गदा हाथ में साजैं ॥
शंख मृदंग नगारे बाजैं ।गंधर्व राग मधुर स्वर गाजैं ॥
चौंसठ योगनी मंगल गावैं ।ऋद्धि-सिद्धि नित भोग लगावैं ॥
दास दासनी सिर छत्र फिरावैं ।यक्ष यक्षणी मिल चंवर ढूलावैं ॥16॥
ऋषियों में जैसे परशुराम बली हैं ।देवन्ह में जैसे हनुमान बली हैं ॥
पुरुषों में जैसे भीम बली हैं ।यक्षों में ऐसे ही कुबेर बली हैं ॥
भगतों में जैसे प्रहलाद बड़े हैं ।पक्षियों में जैसे गरुड़ बड़े हैं ॥
नागों में जैसे शेष बड़े हैं ।वैसे ही भगत कुबेर बड़े हैं ॥20॥
कांधे धनुष हाथ में भाला ।गले फूलों की पहनी माला ॥
स्वर्ण मुकुट अरु देह विशाला ।दूर-दूर तक होए उजाला ॥
कुबेर देव को जो मन में धारे ।सदा विजय हो कभी न हारे ॥
बिगड़े काम बन जाएं सारे ।अन्न धन के रहें भरे भण्डारे ॥24॥
कुबेर गरीब को आप उभारैं ।कुबेर कर्ज को शीघ्र उतारैं ॥
कुबेर भगत के संकट टारैं ।कुबेर शत्रु को क्षण में मारैं ॥
शीघ्र धनी जो होना चाहे ।क्युं नहीं यक्ष कुबेर मनाएं ॥
यह पाठ जो पढ़े पढ़ाएं ।दिन दुगना व्यापार बढ़ाएं ॥28॥
भूत प्रेत को कुबेर भगावैं ।अड़े काम को कुबेर बनावैं ॥
रोग शोक को कुबेर नशावैं ।कलंक कोढ़ को कुबेर हटावैं ॥
कुबेर चढ़े को और चढ़ादे ।कुबेर गिरे को पुन: उठा दे ॥
कुबेर भाग्य को तुरंत जगा दे ।कुबेर भूले को राह बता दे ॥32॥
प्यासे की प्यास कुबेर बुझा दे ।भूखे की भूख कुबेर मिटा दे ॥
रोगी का रोग कुबेर घटा दे ।दुखिया का दुख कुबेर छुटा दे ॥
बांझ की गोद कुबेर भरा दे ।कारोबार को कुबेर बढ़ा दे ॥
कारागार से कुबेर छुड़ा दे ।चोर ठगों से कुबेर बचा दे ॥36॥
कोर्ट केस में कुबेर जितावै ।जो कुबेर को मन में ध्यावै ॥
चुनाव में जीत कुबेर करावैं ।मंत्री पद पर कुबेर बिठावैं ॥
पाठ करे जो नित मन लाई ।उसकी कला हो सदा सवाई ॥
जिसपे प्रसन्न कुबेर की माई ।उसका जीवन चले सुखदाई ॥40॥
जो कुबेर का पाठ करावै ।उसका बेड़ा पार लगावै ॥
उजड़े घर को पुन: बसावै ।शत्रु को भी मित्र बनावै ॥
सहस्त्र पुस्तक जो दान कराई ।सब सुख भोद पदार्थ पाई ॥
प्राण त्याग कर स्वर्ग में जाई ।मानस परिवार कुबेर कीर्ति गाई ॥44॥
॥ दोहा ॥शिव भक्तों में अग्रणी,श्री यक्षराज कुबेर ।हृदय में ज्ञान प्रकाश भर,कर दो दूर अंधेर ॥
कर दो दूर अंधेर अब,जरा करो ना देर ।शरण पड़ा हूं आपकी,दया की दृष्टि फेर ॥
नित्त नेम कर प्रातः ही,पाठ करौं चालीसा ।तुम मेरी मनोकामना,पूर्ण करो जगदीश ॥
मगसर छठि हेमन्त ॠतु,संवत चौसठ जान ।अस्तुति चालीसा शिवहि,पूर्ण कीन कल्याण ॥
श्री लक्ष्मी चालीसा
दोहा
मातु लक्ष्मी करि कृपा करो हृदय में वास।
मनोकामना सिद्ध कर पुरवहु मेरी आस॥
सिंधु सुता विष्णुप्रिये नत शिर बारंबार।
ऋद्धि सिद्धि मंगलप्रदे नत शिर बारंबार॥ टेक॥
सोरठा
यही मोर अरदास, हाथ जोड़ विनती करूं।
सब विधि करौ सुवास, जय जननि जगदंबिका॥
॥ चौपाई ॥
सिन्धु सुता मैं सुमिरौं तोही। ज्ञान बुद्धि विद्या दो मोहि॥
तुम समान नहिं कोई उपकारी। सब विधि पुरबहु आस हमारी॥
जै जै जगत जननि जगदम्बा। सबके तुमही हो स्वलम्बा॥
तुम ही हो घट घट के वासी। विनती यही हमारी खासी॥
जग जननी जय सिन्धु कुमारी। दीनन की तुम हो हितकारी॥
विनवौं नित्य तुमहिं महारानी। कृपा करौ जग जननि भवानी।
केहि विधि स्तुति करौं तिहारी। सुधि लीजै अपराध बिसारी॥
कृपा दृष्टि चितवो मम ओरी। जगत जननि विनती सुन मोरी॥
ज्ञान बुद्धि जय सुख की दाता। संकट हरो हमारी माता॥
क्षीर सिंधु जब विष्णु मथायो। चौदह रत्न सिंधु में पायो॥
चौदह रत्न में तुम सुखरासी। सेवा कियो प्रभुहिं बनि दासी॥
जब जब जन्म जहां प्रभु लीन्हा। रूप बदल तहं सेवा कीन्हा॥
स्वयं विष्णु जब नर तनु धारा। लीन्हेउ अवधपुरी अवतारा॥
तब तुम प्रकट जनकपुर माहीं। सेवा कियो हृदय पुलकाहीं॥
अपनायो तोहि अन्तर्यामी। विश्व विदित त्रिभुवन की स्वामी॥
तुम सब प्रबल शक्ति नहिं आनी। कहं तक महिमा कहौं बखानी॥
मन क्रम वचन करै सेवकाई। मन- इच्छित वांछित फल पाई॥
तजि छल कपट और चतुराई। पूजहिं विविध भांति मन लाई॥
और हाल मैं कहौं बुझाई। जो यह पाठ करे मन लाई॥
ताको कोई कष्ट न होई। मन इच्छित फल पावै फल सोई॥
त्राहि- त्राहि जय दुःख निवारिणी। त्रिविध ताप भव बंधन हारिणि॥
जो यह चालीसा पढ़े और पढ़ावे। इसे ध्यान लगाकर सुने सुनावै॥
ताको कोई न रोग सतावै। पुत्र आदि धन सम्पत्ति पावै।
पुत्र हीन और सम्पत्ति हीना। अन्धा बधिर कोढ़ी अति दीना॥
विप्र बोलाय कै पाठ करावै। शंका दिल में कभी न लावै॥
पाठ करावै दिन चालीसा। ता पर कृपा करैं गौरीसा॥
सुख सम्पत्ति बहुत सी पावै। कमी नहीं काहू की आवै॥
बारह मास करै जो पूजा। तेहि सम धन्य और नहिं दूजा॥
प्रतिदिन पाठ करै मन माहीं। उन सम कोई जग में नाहिं॥
बहु विधि क्या मैं करौं बड़ाई। लेय परीक्षा ध्यान लगाई॥
करि विश्वास करैं व्रत नेमा। होय सिद्ध उपजै उर प्रेमा॥
जय जय जय लक्ष्मी महारानी। सब में व्यापित जो गुण खानी॥
तुम्हरो तेज प्रबल जग माहीं। तुम सम कोउ दयाल कहूं नाहीं॥
मोहि अनाथ की सुधि अब लीजै। संकट काटि भक्ति मोहि दीजे॥
भूल चूक करी क्षमा हमारी। दर्शन दीजै दशा निहारी॥
बिन दरशन व्याकुल अधिकारी। तुमहिं अक्षत दुःख सहते भारी॥
नहिं मोहिं ज्ञान बुद्धि है तन में। सब जानत हो अपने मन में॥
रूप चतुर्भुज करके धारण। कष्ट मोर अब करहु निवारण॥
कहि प्रकार मैं करौं बड़ाई। ज्ञान बुद्धि मोहिं नहिं अधिकाई॥
रामदास अब कहाई पुकारी। करो दूर तुम विपति हमारी॥
दोहा
त्राहि त्राहि दुःख हारिणी हरो बेगि सब त्रास।
जयति जयति जय लक्ष्मी करो शत्रुन का नाश॥
रामदास धरि ध्यान नित विनय करत कर जोर।
मातु लक्ष्मी दास पर करहु दया की कोर॥
।। इति लक्ष्मी चालीसा संपूर्णम।।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर शाम को करें कनकधारा स्तोत्र का पाठ
धनतेरस के अवसर पर माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस स्तोत्र का पाठ करने से आर्थिक परेशानियों से मुक्ति और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। शाम की पूजा के दौरान श्रद्धापूर्वक इसका पाठ कर सकते हैं।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस की शाम तिजोरी में रखें ये शुभ वस्तुएं
धनतेरस पर कई परिवारों में माता लक्ष्मी की पूजा के बाद तिजोरी या धन रखने के स्थान पर हल्दी, अक्षत, कौड़ी या चांदी का सिक्का रखने की परंपरा है। इन्हें धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में धन की बरकत बनी रहती है। इन परंपराओं को श्रद्धा के अनुसार अपनाया जाता है।
Dhanteras 2026 LIVE: खरीदारी के बाद आज शाम करें नई वस्तुओं की पूजा
धनतेरस पर खरीदी गई नई वस्तुओं को घर लाने के बाद उनकी साफ-सफाई करके पूजा स्थल के पास रख सकते हैं। सोने-चांदी के आभूषण, नए बर्तन और अन्य शुभ वस्तुओं पर तिलक लगाकर माता लक्ष्मी का स्मरण करें। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से नई वस्तुओं के साथ घर में शुभता और समृद्धि का आगमन होता है।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस की शाम घर में जलाएं कितने दीपक?
धनतेरस की शाम घर में दीपक जलाने की परंपरा है। कई परिवार मुख्य द्वार, तुलसी के पास, आंगन, पूजा स्थल और घर के अलग-अलग हिस्सों में दीपक जलाते हैं। यम दीपदान के लिए अलग दीपक रखने की परंपरा है। हालांकि, दीपकों की कोई एक अनिवार्य संख्या निर्धारित नहीं है। आप अपनी श्रद्धा और सुविधा के अनुसार दीपक जला सकते हैं।
Laxmi Aarti: लक्ष्मी जी की आरती
ॐ जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।
तुमको निशिदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥॥
ॐ जय लक्ष्मी माता॥
उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता।
सूर्य-चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥
॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥
दुर्गा रूप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता।जो कोई तुमको ध्यावत, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥
॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥
तुम पाताल-निवासिनि, तुम ही शुभदाता।
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी, भवनिधि की त्राता॥
॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥जिस घर में तुम रहती सब सद्गुण आता।
सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥
॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥
तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता।
खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥
॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥
शुभ-गुण मन्दिर सुन्दर, क्षीरोदधि-जाता।
रत्न चतुर्दश तुमहीं, कोई नहीं पाता॥
॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥
महालक्ष्मीजी की आरती, जो कोई जन गाता।
उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता॥॥ॐ जय लक्ष्मी माता॥
Dhanteras 2026 LIVE: इस दिशा में ऐसे जलाएं यम दीपक
धनतेरस की शाम यमराज के निमित्त दीपदान करने से अकाल मृत्यु से मुक्ति के साथ-साथ परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। इसी के कारण इसे यम दीपक या यम दीपदान कहा जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं धनतेरस पर यम दीपक कब और कहां जलाना शुभ माना जाता है। आइए जानते हैं धनतेरस पर यम दीपक जलाने की सही विधि, समय और धार्मिक महत्व…
धनतेरस पर यम का दीपक कब और किस दिशा में जलाएं? जानें विधि और धार्मिक महत्व
Dhanteras 2026 Vrat Katha LIVE: धनतेरस की कथा
कहा जाता है कि एक समय भगवान विष्णु पृथ्वी पर विचरण करने के लिए आए थे। तब उनकी पत्नी देवी लक्ष्मी जी ने उनसे आग्रह किया कि वे उनके साथ चलें। भगवान विष्णु ने कहा कि यदि मैं जो कहूं तुम वही मानो तो मैं तुम्हें साथ ले जाऊंगा। लक्ष्मी जी ने सहमति दी और दोनों पृथ्वी पर आए।
कुछ समय बाद भगवान विष्णु ने लक्ष्मी जी से कहा कि मैं अब दक्षिण दिशा की ओर जा रहा हूँ, तुम यहीं रुको और वहां मत जाना। परन्तु लक्ष्मी जी का मन कौतूहल से भर गया कि आखिर दक्षिण दिशा में ऐसा क्या रहस्य है। वे उनकी बात मान नहीं पाईं और भगवान के पीछे-पीछे चल पड़ीं।
थोड़ी दूर चलने पर लक्ष्मी जी को एक सरसों का खेत दिखाई दिया, जहाँ सरसों के पीले फूल खूब खिले हुए थे। उनकी सुंदरता देखकर वे मंत्रमुग्ध हो गईं और फूल तोड़कर अपने श्रृंगार में लगा लिया। फिर वे आगे बढ़ीं और एक गन्ने के खेत में पहुंचीं जहाँ उन्होंने गन्ने तोड़कर रस चूसना शुरू कर दिया।
तभी भगवान विष्णु वहां आए और उन्होंने लक्ष्मी जी को देखा तो नाराज होकर कहा, “मैंने तुम्हें यहाँ आने से मना किया था, फिर भी तुमने मेरी बात नहीं मानी और चोरी कर डाली। इस अपराध के कारण तुम्हें इस किसान की 12 वर्ष तक सेवा करनी होगी।” यह कहकर भगवान विष्णु क्षीरसागर चले गए।
लक्ष्मी जी उस गरीब किसान के घर रहने लगीं। एक दिन उन्होंने किसान की पत्नी से कहा, “तुम पहले स्नान कर के मेरी बनाई हुई देवी लक्ष्मी की पूजा करो, उसके बाद रसोई बनाओ। तब जो भी तुम मांगोगी, वह पूरा होगा।” किसान की पत्नी ने वैसा ही किया। पूजा के प्रभाव से और लक्ष्मी की कृपा से अगले ही दिन से किसान के घर में अन्न, धन, रत्न और सोना भर गया। लक्ष्मी जी ने किसान को संपन्न बना दिया और किसान के 12 वर्ष बड़े आनंदमय ढंग से बीते।
12 वर्ष बाद जब लक्ष्मी जी जाने को तैयार हुईं, तो भगवान विष्णु उन्हें लेने आए। पर किसान ने उन्हें जाने नहीं दिया। भगवान विष्णु ने कहा, “इन्हें कोई भी रोक नहीं सकता, वे चंचल स्वभाव की हैं। तुम्हारे यहां 12 वर्ष से सेवा कर रही थीं, अब उनका समय पूरा हो चुका है।” लेकिन किसान ने हठ नहीं छोड़ा और कहा कि वे लक्ष्मी जी को जाने नहीं देंगे।
तब लक्ष्मी जी ने कहा, “यदि तुम मुझे रोकना चाहते हो तो मेरी बात मानो। कल तेरस है। उस दिन तुम अपने घर को अच्छी तरह साफ करो, रात्रि में घी का दीपक जलाओ और शाम को मेरा पूजन करो। साथ ही एक तांबे के कलश में रुपए रखो, मैं उसी कलश में निवास करूंगी। पूजा के समय मैं तुम्हें दिखाई नहीं दूंगी, पर इस एक दिन की पूजा से मैं पूरे साल तुम्हारे घर में रहूंगी।”
लक्ष्मी जी के इस आदेश के बाद दीपकों की रौशनी पूरे घर में फैल गई। किसान ने जैसे कहा वैसा ही किया और उस दिन की पूजा के बाद उनका घर धन-धान्य से भर गया। यही कारण है हर वर्ष तेरस के दिन लक्ष्मीजी की पूजा होने लगी।
Dhanteras 2026 LIVE: धनतेरस की कथा
विष्णु पुराण और भागवत पुराण के अनुसार, एक बार देवताओं और असुरों के बीच अमृत प्राप्ति की होड़ मची। अमृत पाने के लिए भगवान विष्णु के सुझाव पर देवता और असुर मिलकर समुद्र मंथन करने का निर्णय लिया। इस मंथन में मंदराचल पर्वत को मथानी और वासुकि नाग को रस्सी के रूप में उपयोग किया गया। भगवान विष्णु ने कच्छप का अवतार लेकर मंदराचल पर्वत को अपनी पीठ पर स्थिर रखा, जिससे मंथन की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के चल सके।
जैसे-जैसे समुद्र मंथन होता गया, क्षीरसागर से कई दिव्य रत्न और वस्तुएं प्रकट होने लगीं, जिनमें कामधेनु गाय, उच्चैःश्रवा घोड़ा, ऐरावत हाथी, पारिजात वृक्ष और देवी लक्ष्मी शामिल थीं। लेकिन मंथन के अंतिम चरण में एक अद्भुत घटना हुई। समुद्र से एक दिव्य पुरुष प्रकट हुए, जिनके हाथों में अमृत से भरा स्वर्ण कलश था। ये थे धन्वंतरि, जिन्हें भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है। धन्वंतरि के साथ ही आयुर्वेद का ज्ञान भी प्रकट हुआ, जो मानव जीवन के लिए स्वास्थ्य और दीर्घायु का वरदान साबित हुआ।
धन्वंतरि को आयुर्वेद का जनक कहा जाता है क्योंकि उन्होंने मानवजाति को चिकित्सा विज्ञान का अद्भुत ज्ञान दिया। उन्होंने रोगों के निदान और उपचार की विधियां बताईं, जो आज भी आयुर्वेद में प्रचलित हैं। उनके ग्रंथों में औषधियों, जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक उपचारों का विस्तृत विवरण मिलता है।
धनतेरस का पर्व कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है, जो धन्वंतरि के प्रकट होने का विशेष दिन माना जाता है। इस दिन लोग धन्वंतरि की पूजा करते हैं और उनके आशीर्वाद से स्वास्थ्य, धन और समृद्धि की कामना करते हैं। मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदारी करने से घर में समृद्धि आती है और धन्वंतरि की कृपा बनी रहती है।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर कुबेर देव को भी करें याद
धनतेरस पर भगवान कुबेर की पूजा करना भी शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुबेर देव धन-संपत्ति के रक्षक हैं। शाम की पूजा में उनका स्मरण करके आर्थिक स्थिरता और कारोबार में तरक्की की कामना करें। विशेष रूप से व्यापारी वर्ग के लोग इस दिन अपनी तिजोरी और बही-खातों की पूजा करते हैं।
Dhanteras 2026 Live: शाम को इस विधि से करें माता लक्ष्मी का पूजन
धनतेरस की शाम माता लक्ष्मी की पूजा के लिए सबसे पहले पूजा स्थल को साफ करें। इसके बाद माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें। दीपक जलाकर रोली, अक्षत, फूल, फल और मिठाई अर्पित करें। माता लक्ष्मी की आरती करें और घर में धन-धान्य, सुख-शांति तथा समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना करें।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस की रात इन 5 जगहों पर जरूर जलाएं दीपक
धनतेरस के दीपक शाम को दीपक जलाना काफी शुभ माना जाता है। ऐसे में आज शाम को मुख्य दरवाजे में, तुलसा के पौधे के पास, घर के मंदिर में, दक्षिण दिशा में यम दीपक और छत या बालकनी में एक दीपक रखना चाहिए
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर आज जरूर करें यम दीपदान
धनतेरस की शाम यम दीपदान का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन यमराज के निमित्त दीपक जलाने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है। इसके लिए मिट्टी के दीपक में तेल और बाती लगाकर घर के बाहर दक्षिण दिशा की ओर रखा जाता है। दीपदान करते समय यमराज से परिवार की रक्षा और सभी सदस्यों की लंबी उम्र की कामना करें।
Dhanteras 2026 Live: प्रदोष काल में करें धनतेरस की पूजा
धनतेरस के दिन शाम के समय प्रदोष काल में पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है। इस दौरान माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देव का पूजन किया जाता है। पूजा स्थल पर दीपक जलाकर फूल, अक्षत और मिठाई अर्पित करें। इसके बाद परिवार की सुख-समृद्धि और आर्थिक उन्नति के लिए प्रार्थना करें। पूजा का सटीक समय अपने शहर के पंचांग के अनुसार निर्धारित करें।
Dhanteras Puja Muhurat LIVE: शहर के अनुसार पूजा का मुहूर्त
नई दिल्ली - 06:02 PM से 07:57 PM
नोएडा - 06:01 PM से 07:57 PM
चेन्नई - 06:14 PM से 08:10 PM
पुणे - 06:32 PM से 08:31 PM
मुम्बई - 06:35 PM से 08:35 PM
बेंगलूरु - 06:25 PM से 08:20 PM
अहमदाबाद - 06:30 PM से 08:28 PM
जयपुर - 06:11 PM से 08:07 PM
हैदराबाद - 06:15 PM से 08:13 PM
गुरुग्राम - 06:03 PM से 07:59 PM
चण्डीगढ़ - 06:00 PM से 07:54 PM
कोलकाता - 05:28 PM से 07:26 PM
Dhanteras 2026 live: धनतेरस प्रदोष काल में कब तक करें खरीदारी
आज धनतेरस पर प्रदोष काल में खरीदारी का शुभ मुहूर्त शाम 06:02 से 07:57 बजे तक रहेगा।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस की शाम घर के मुख्य द्वार पर जलाएं दीपक
धनतेरस की शाम घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाने की विशेष परंपरा है। मान्यता है कि दीपक की रोशनी से घर में सकारात्मकता और शुभता का संचार होता है। इस दिन मुख्य द्वार को फूलों और रंगोली से सजाकर दीपक जलाएं। इसके साथ ही माता लक्ष्मी का स्मरण करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर साबुत धनिया खरीदने का महत्व
धनतेरस के दिन साबुत धनिया खरीदना भी शुभ माना जाता है। कई परिवारों में इसे माता लक्ष्मी के सामने अर्पित किया जाता है और दीपावली की पूजा में भी इसका इस्तेमाल होता है। कुछ जगहों पर दीपावली के बाद धनिया के बीजों को मिट्टी में बोने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, धनिया को धन-धान्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा
धनतेरस पर झाड़ू खरीदना भी कई क्षेत्रों में शुभ माना जाता है। लोक मान्यताओं में झाड़ू को माता लक्ष्मी से जोड़कर देखा जाता है। इसे घर की गंदगी और दरिद्रता दूर करने का प्रतीक माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि धनतेरस पर नई झाड़ू खरीदने से घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनी रहती है।
Dhanteras 2026 Live:धनतेरस पर पीतल और तांबे के बर्तन क्यों खरीदें?
धनतेरस के अवसर पर पीतल और तांबे के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इसके पीछे भगवान धन्वंतरि से जुड़ी अमृत कलश की पौराणिक मान्यता बताई जाती है। पीतल और तांबे को पारंपरिक रूप से पूजा-पाठ में भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इस दिन लोग लोटा, थाली, कटोरी, कलश और अन्य घरेलू बर्तन खरीदते हैं। मान्यता है कि इससे घर में बरकत और समृद्धि आती है।
कुबेर जी की आरती : Kuber Devta Ki Aarti Lyrics
ॐ जय यक्ष कुबेर हरे,
स्वामी जय यक्ष जय यक्ष कुबेर हरे।शरण पड़े भगतों के,
भण्डार कुबेर भरे।
॥ ॐ जय यक्ष कुबेर हरे…॥
शिव भक्तों में भक्त कुबेर बड़े,
स्वामी भक्त कुबेर बड़े।
दैत्य दानव मानव से,
कई-कई युद्ध लड़े ॥
॥ ॐ जय यक्ष कुबेर हरे…॥
स्वर्ण सिंहासन बैठे,
सिर पर छत्र फिरे,
स्वामी सिर पर छत्र फिरे।
योगिनी मंगल गावैं,
सब जय जय कार करैं॥
॥ ॐ जय यक्ष कुबेर हरे…॥
गदा त्रिशूल हाथ में,
शस्त्र बहुत धरे,
स्वामी शस्त्र बहुत धरे।
दुख भय संकट मोचन,
धनुष टंकार करे॥
॥ ॐ जय यक्ष कुबेर हरे…॥
भांति भांति के व्यंजन बहुत बने,
स्वामी व्यंजन बहुत बने।
मोहन भोग लगावैं,
साथ में उड़द चने॥
॥ ॐ जय यक्ष कुबेर हरे…॥
यक्ष कुबेर जी की आरती,
जो कोई नर गावे,
स्वामी जो कोई नर गावे ।
कहत प्रेमपाल स्वामी,
मनवांछित फल पावे।
॥ इति श्री कुबेर आरती ॥
कुबेर देव को आहुति देने के लिए इस मंत्र का प्रयोग करें।
जपतामुं महामन्त्रं होमकार्यो दिने दिने
दशसंख्य: कुबेरस्य मनुनेध्मैर्वटोद्भवै
जय धन्वंतरि देवा, जय धन्वंतरि जी देवा।जरा-रोग से पीड़ित, जन-जन सुख देवा।।जय धन्वं.।।
तुम समुद्र से निकले, अमृत कलश लिए।देवासुर के संकट आकर दूर किए।।जय धन्वं.।।
आयुर्वेद बनाया, जग में फैलाया।सदा स्वस्थ रहने का, साधन बतलाया।।जय धन्वं.।।
भुजा चार अति सुंदर, शंख सुधा धारी।आयुर्वेद वनस्पति से शोभा भारी।।जय धन्वं.।।
तुम को जो नित ध्यावे, रोग नहीं आवे।असाध्य रोग भी उसका, निश्चय मिट जावे।।जय धन्वं.।।
हाथ जोड़कर प्रभुजी, दास खड़ा तेरा।वैद्य-समाज तुम्हारे चरणों का घेरा।।जय धन्वं.।।
धन्वंतरिजी की आरती जो कोई नर गावे।रोग-शोक न आए, सुख-समृद्धि पावे।।जय धन्वं.।।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस क्यों मनाया जाता है?
धनतेरस का त्योहार समुद्र मंथन से जुड़ी पौराणिक मान्यता के कारण विशेष महत्व रखता है। धार्मिक कथाओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। उन्हें आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। यही कारण है कि इस दिन धन-संपत्ति के साथ अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की जाती है। धनतेरस को धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर क्या नहीं खरीदना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर कुछ वस्तुओं की खरीदारी से बचने की सलाह दी जाती है। इस दिन लोहे और नुकीली वस्तुओं को खरीदना कई परंपराओं में शुभ नहीं माना जाता। इसके अलावा कांच और प्लास्टिक की वस्तुओं की खरीदारी से भी कुछ लोग परहेज करते हैं। हालांकि, इन मान्यताओं का पालन क्षेत्रीय परंपराओं और परिवार की मान्यताओं के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।
Dhanteras 2026 Live: धनतेरस पर क्या खरीदना माना जाता है शुभ?
धनतेरस के दिन सोना, चांदी, पीतल के बर्तन, तांबे की वस्तुएं, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घर की जरूरत से जुड़ी चीजें खरीदने की परंपरा है। इसके अलावा धनिया और झाड़ू खरीदना भी कई जगह शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तुएं घर में सुख-समृद्धि और संपन्नता का प्रतीक बनती हैं।
