Budh Gochar 2026: द्रिक पंचांग के अनुसार 30 अप्रैल को बुध अपनी नीच राशि मीन से निकलकर मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे। बुध के इस राशि परिवर्तन का असर 12 राशियों के साथ-साथ वैश्विक स्तर में देखने को मिलने वाला है। वैदिक ज्योतिष में बुध को बुद्धि, तर्कशक्ति, वाणी और व्यापार का कारक माना जाता है, इसलिए इनके इस गोचर का प्रभाव लोगों की निर्णय क्षमता, आर्थिक स्थिति और पेशेवर जीवन पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। यह विश्लेषण चंद्र राशि के आधार पर किया गया है। आइए समझते हैं कि बुध के मेष राशि में प्रवेश करने से मेष से लेकर मीन तक के राशियों पर क्या प्रभाव पड़ सकता है…

बुध के मेष राशि में जाने से  इस समय कई लोगों के मन में नौकरी के साथ-साथ या उससे अलग अपना व्यवसाय शुरू करने, ऑनलाइन काम करने या शेयर बाजार में कदम रखने के विचार उभर सकते हैं। इसके अलावा कुछ राशियों की भावनाओं की अपेक्षा तर्क और बुद्धि का प्रभाव अधिक रहेगा। लोग रिश्तों को सुधारने और बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाएंगे। समाज में ज्ञान, विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि बढ़ेगी, जिससे नए शोध, इनोवेशन और शैक्षणिक प्रगति देखने को मिल सकती है। अंतरिक्ष और वैज्ञानिक क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण फैसले सामने आ सकते हैं। हालांकि प्रतिस्पर्धा तेज होगी और आगे बढ़ने की होड़ में लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करेंगे।

द्रिक पंचांग के अनुसार, ग्रहों के राजकुमार बुध 30 अप्रैल 2026, बृहस्पतिवार को 06:55 ए एम बजे मेष राशि में प्रवेश कर जाएंगे और 15 मई तक इसी राशि में रहेंगे और फिर वृषभ राशि में प्रवेश कर जाएंगे। मेष राशि में पहले से ही सूर्य विराजमान है, जिससे बुधादित्य राजयोग का निर्माण हो  रहा है। ऐसे में 12 राशियों पर सूर्य का भी प्रभाव देखने को मिलने वाला है।

बुध के मेष राशि में जाने से 12 राशियों पर असर

मेष राशि पर बुध के गोचर का असर (Aries Zodiac)

मेष राशि के जातकों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे व्यापारिक निर्णय लेने में सक्षम होंगे। बुध के मेष राशि में गोचर के दौरान आपको अपने संचार कौशल से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़ सकते हैं। इस समय आपका ध्यान विशेष रूप से स्वास्थ्य पर केंद्रित रहेगा और आप अपनी सेहत को प्राथमिकता देंगे, क्योंकि बुध के प्रभाव से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उभर सकती हैं।

लग्न भाव में स्थित बुध की दृष्टि आपके सप्तम भाव पर पड़ेगी, जिसके चलते आपके रिश्तों में संवाद की भूमिका बेहद अहम हो जाएगी। इस अवधि में आप अपने जीवनसाथी के साथ संबंधों को लेकर कुछ महत्वपूर्ण फैसले लेते हुए नजर आ सकते हैं।

वृषभ राशि पर बुध के गोचर का असर( Taurus Zodiac)

वृषभ राशि के जातकों के लिए बुध का गोचर मिलाजुला परिणाम ला सकता है। इस राशि की गोचर कुंडली के बारहवें भाव में बुध प्रवेश करेंगे।  ऐसे में इस अवधि में आपके खर्चों में वृद्धि हो सकती है, साथ ही जल्दबाजी में लिए गए फैसले मानसिक बेचैनी का कारण बन सकते हैं। इसलिए थोड़ा सोच-समझकर निर्णय लेने की कोशिश करें।

आर्थिक स्थिति पर भी असर देखने को मिल सकता है। स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें वृष राशि वालों को निवेश में सावधानी रखनी होगी, हालांकि बच्चों और कानूनी मामलों में सफलता मिल सकती है।

मिथुन राशि पर बुध के गोचर का असर (Gemini Zodiac)

आपकी राशि की कुंडली के ग्यारहवें भाव में बुध गोचर करने वाले हैं। ऐसे में आर्थिक मजबूती देने वाला साबित हो सकता है, विशेषकर निवेश और संपत्ति से जुड़े मामलों में लाभ मिल सकता है। नौकरी में आपको कई नए अवसर मिल सकते हैं। ऐसे में आय में वृद्धि देखने को मिलने वाली है। समाज में मान-सम्मान की वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा अपने भविष्य को लेकर कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेने में सफल रहेंगे। आप अपनी एक अलग पहचान बना पाने में सफल होंगे। संतान से जुड़े मामलों में सफलता हासिल हो सकती है।

कर्क राशि पर बुध के गोचर का असर (Cancer Zodiac)

कर्क राशि के लोग नौकरी से आगे बढ़कर व्यापार की दिशा में सोच सकते हैं। आपकी राशि की गोचर कुंडली के दसवें भाव में बुध का गोचर होने वाला है। ऐसे में आपको कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं, लेकिन काम का दबाव भी बढ़ सकता है। आपको कम समय में अधिक काम करने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, आपकी संचार क्षमता और मेहनत आपको सफलता दिलाएगी। परिवार और कार्य के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक होगा।

सिंह राशि पर बुध के गोचर का असर (Leo Zodiac)

सिंह राशि के जातकों को भाग्य का साथ मिलेगा और पुराने निवेश से लाभ हो सकता है। बुध आपकी कुंडली के नौवें भाव में गोचर करेंगे, जो भाग्य और उच्च शिक्षा का भाव है। आय में वृद्धि होने के साथ-साथ नए अवसर मिल सकते हैं। रचनात्मकता में बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में अगर आप कुछ नया सीखना चाहते हैं, तो  यह समय अनुकूल है। आपकी वाणी भी प्रभावशाली रहेगी।

कन्या राशि पर बुध के गोचर का असर (Virgo Zodiac)

 कन्या राशि वालों को स्वास्थ्य और जल्दबाजी से बचते हुए समझदारी से काम करना होगा, लेकिन उन्हें नए अवसर भी मिलेंगे। आठवें भाव में बुध के गोचर करने से कार्यक्षेत्र में अचानक बदलाव या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। इस दौरान जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। मानसिक संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा।

तुला राशि पर बुध के गोचर का असर (Libra Zodiac)

तुला राशि के लिए बुध सातवें भाव में गोचर करेंगे, जो विवाह और साझेदारी का भाव है। ऐसे में इस राशि के जातकों का वैवाहिक जीवन में संतुलन बनाए रखने और विवाद से बचने की सलाह दी जाती है। रिश्तों में संवाद बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। जीवनसाथी के साथ मिलकर निर्णय लेना फायदेमंद होगा। हालांकि, खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी है क्योंकि अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं।

वृश्चिक राशि पर बुध के गोचर का असर (Scorpio Zodiac)

वृश्चिक राशि के लिए यह समय समस्याओं को सुलझाने की क्षमता बढ़ाने वाला रहेगा, हालांकि जोखिम भरे निवेश से दूरी बनाना बेहतर होगा। आपकी राशि के छठे भाव में बुध का गोचर हो रहा है। कार्यस्थल पर मतभेद हो सकते हैं, इसलिए सतर्क रहें और किसी पर जल्दी भरोसा न करें। स्वास्थ्य में सुधार होगा और पुरानी समस्याओं से राहत मिल सकती है।

धनु राशि पर बुध के गोचर का असर (Sagittrius Zodiac)

धनु राशि के जातक अपनी बुद्धि और ज्ञान के बल पर नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। बुध पांचवें भाव में गोचर करेंगे। यह समय शिक्षा, प्रेम और रचनात्मक कार्यों के लिए अच्छा रहेगा। आप अपनी स्किल्स को बढ़ाने के लिए नए कोर्स या प्रशिक्षण ले सकते हैं। प्रेम संबंधों में प्रगति हो सकती है।

मकर राशि पर बुध के गोचर का असर (Capricorn Zodiac)

मकर राशि के लोग नौकरी से हटकर अपने काम की शुरुआत करने का निर्णय ले सकते हैं।  मकर राशि के लिए बुध चौथे भाव में गोचर करेंगे। इस दौरान घर-परिवार में कुछ उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें और घर का वातावरण सकारात्मक बनाए रखें। कार्यक्षेत्र में आपको नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जो आगे चलकर लाभकारी साबित होंगी।

कुंभ राशि पर बुध के गोचर का असर (Aquarius Zodiac)

कुंभ राशि के लिए बुध तीसरे भाव में गोचर करेंगे, जो साहस और संचार का भाव है। आपकी सोच और आत्मबल मजबूत होगा, जिससे उन्हें सफलता मिलने के संकेत हैं। आप नए अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। छोटे भाई-बहनों से संबंध बेहतर होंगे और जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे।

मीन राशि पर बुध के गोचर का असर (Pisces Zodiac)

मीन राशि के लिए बुध दूसरे भाव में गोचर करेंगे, जो धन और वाणी का भाव है।  मीन राशि के लोगों के लिए यह समय इंटरव्यू, संवाद और पारिवारिक निर्णयों में सफलता दिलाने वाला साबित हो सकता है।इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और व्यापार में लाभ मिलने की संभावना है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और आप अपने संबंधों को बेहतर बनाने में सफल होंगे।

ग्रहों की स्थिति के हिसाब से ये राशिफल निकाला जाता है, जो सामान्य होता है। इसलिए जरूरी नहीं है कि ये हर व्यक्ति पर 100% एक जैसा लागू हो। हर व्यक्ति की जिंदगी अलग होती है क्योंकि जन्म कुंडली (Birth Chart) में दशा–अंतर्दशा, लग्न, ग्रह स्थिति हर एक चीज अलग-अलग होते हैं।

मेष वार्षिक राशिफल 2026वृषभ वार्षिक राशिफल 2026
मिथुन वार्षिक राशिफल 2026कर्क वार्षिक राशिफल 2026
सिंह वार्षिक राशिफल 2026कन्या वार्षिक राशिफल 2026
तुला वार्षिक राशिफलवृश्चिक वार्षिक राशिफल 2026
धनु वार्षिक राशिफल 2026मकर वार्षिक राशिफल 2026
कुंभ वार्षिक राशिफल 2026मीन वार्षिक राशिफल 2026

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी ज्योतिषीय गणनाओं और सामान्य मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी तरह के निर्णय पर पहुंचने से पहले संबंधित विषय के विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। एक राशि के नाम के करोड़ों जातक होते हैं। ऐसे में किसी भी तरह के परिणाम में पहुंचने से पहले अपनी कुंडली की जांच किसी शास्त्र के ज्ञाता, ज्योतिषी, पंडित को अवश्य दिखाएं।