Gurudev Sri Sri Ravishankar On Buddha Purnima 2026: बुद्ध पूर्णिमा केवल एक तिथि नहीं, बल्कि चेतना की उस अवस्था का स्मरण है जहां मनुष्य अपने सीमित अनुभवों से ऊपर उठकर परम मौन को प्राप्त करता है। सिद्धार्थ गौतम का बुद्ध बनना केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि मानव चेतना का आत्म-बोध का जागृत होना है। आध्यात्मिक गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर जी के दृष्टिकोण के माध्यम से हम समझेंगे कि कैसे बुद्ध का मौन अभाव का नहीं, बल्कि पूर्णता का प्रतीक था। साथ ही जानेंगे उन 10 आध्यात्मिक सूत्रों को जो हमें अशांति के शोर से निकलकर बुद्धत्व की शांति की ओर ले जाते हैं।

गौतम बुद्ध की ज्ञानप्राप्ति की कथा केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि चेतना के उस क्षण का संकेत है जहां मनुष्य अपने सीमित अनुभवों से आगे बढ़ता है। वैशाख पूर्णिमा की उस रात, जब सिद्धार्थ गौतम बुद्ध बने, तब से वे सात दिनों तक मौन रहे। यह मौन रिक्तता का नहीं, बल्कि ऐसी परिपूर्णता का था, जहाँ कहने के लिए कुछ भी शेष नहीं रह जाता।

कथाओं में वर्णन मिलता है कि यह मौन देवताओं को भी विचलित कर गया। सहस्राब्दियों में कभी कोई चेतना इस प्रकार पूर्णता को प्राप्त होती है। यदि गौतम बुद्ध मौन रहे, तो संसार उस परम अनुभव से वंचित रह जाएगा। देवताओं ने बुद्ध से निवेदन किया कि वे अपने अनुभव को शब्द दें।

बुद्ध का उत्तर गहरा और स्पष्ट था। उन्होंने कहा कि जो जानते हैं, वे बिना कहे भी जानेंगे, और जो नहीं जानते, वे कहने से भी नहीं जानेंगे। जिसने जीवन के अमृत का अनुभव नहीं किया, उसके लिए शब्द पर्याप्त नहीं हैं इसलिए मैं मौन हूं।

देवताओं ने फिर आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सत्य है, पर उन लोगों के विषय में विचार कीजिए जो अभी बीच में हैं। जो अभी ज्ञान और अज्ञान के मध्य में हैं। आपके कुछ शब्द उन्हें दिशा दे सकते हैं। आपके वचन उन्हें उसी मौन तक पहुंचा सकते हैं, जहां आप स्थित हैं। बुद्ध ने देवताओं के आग्रह को स्वीकार किया। बुद्ध का मौन समाप्त हुआ। बुद्ध का प्रत्येक वचन अशांति से शांति, शोर से मौन की ओर गतिशील करने का माध्यम था।

वैश्विक आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर इस प्रसंग को एक वाक्य में कहते हैं, “शब्दों का उद्देश्य मौन की रचना है। यदि शब्द शोर बढ़ाएं तो वे अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंचे।”

प्राचीन ग्रंथों में भी कहा गया है कि सत्य वहीं प्रकट होता है, जहां शब्द समाप्त हो जाते हैं। बुद्ध के वचनों में यह सामर्थ्य इसलिए थी क्योंकि वे स्वयं मौन की सजीव अभिव्यक्ति थे। गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर बुद्ध के जीवन और उनके संदेश के भीतर छिपे अर्थों को कुछ सूत्रों में स्पष्ट करते हैं। ये सूत्र केवल विचार नहीं, बल्कि अनुभव की दिशा हैं:

गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के शब्दों में बुद्ध का बोध –

  • “करुणा और शून्यता साथ-साथ चलते हैं। शून्यता बिना करुणा के सूखी हो जाती है और करुणा बिना प्रज्ञा के आसक्ति बन जाती है। बुद्ध ने इन दोनों को संतुलन में रखा।”
  • “बुद्ध ने कहा, ‘स्वयं अपने प्रकाश बनो।’ पर उस भीतर के दीप को जलाने के लिए बाती, तेल और ज्योति आवश्यक हैं। गुरु, ज्ञान और साधना मिलकर उस प्रकाश को प्रज्वलित करते हैं।”
  • “बुद्ध ने इच्छा-रहित होने की बात कही, पर इसका अर्थ निष्क्रियता नहीं है।”
  • “भीतर का खालीपन अवसाद में बदल सकता है; इसलिए शून्यता के साथ प्रेम और भक्ति आवश्यक है।”
  • “बुद्ध ने ईश्वर पर कम, अनुभव पर अधिक बल दिया।”
  • “बुद्ध एक अवस्था है, जब मन इच्छाओं और द्वेष से मुक्त हो जाता है।”
  • “बुद्ध केवल एक व्यक्ति नहीं, एक घटना हैं, मानव चेतना में पूर्ण जागरूकता का प्रस्फुटन।”
  • “मौन दुख, अपराधबोध और पीड़ा को समेट लेता है और वहीं से आनंद, करुणा और प्रेम जन्म लेते हैं। बुद्ध का जीवन इसी का प्रमाण है।”
  • “बुद्ध मौन की अभिव्यक्ति थे। उनका मौन अभाव से नहीं, परिपूर्णता से उत्पन्न हुआ था। अभाव शोर और शिकायत लाता है, किन्तु परिपूर्णता से मौन का आगमन होता है। मन का शोर किसी न किसी चाह से जुड़ा होता है, जबकि मौन अचाह है।
  • “बुद्ध द्वारा कहा गया पहला सत्य – दुःख है, संसार दुःखमय है।’ जब यह सत्य अनुभव में उतरता है, तभी उस तत्व की झलक मिलती है जो इस संसार से परे है, वही शुद्ध चेतना, जो पूर्ण आनंद है।”

अस्वीकरण (Disclaimer): इस लेख में प्रस्तुत विचार और सुझाव केवल पाठकों की सामान्य जानकारी और प्रेरणा के लिए हैं। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के चिकित्सा उपचार, कानूनी सलाह या वित्तीय मार्गदर्शन का विकल्प प्रदान करना नहीं है। व्यक्तिगत जीवन, स्वास्थ्य या मानसिक स्थिति से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए कृपया योग्य विशेषज्ञों या पेशेवरों से परामर्श लें। जनसत्ता (Jansatta.com) इस लेख में दी गई जानकारी की पूर्ण सटीकता या किसी विशिष्ट परिणाम की गारंटी नहीं लेता है। इस सामग्री का उपयोग पूरी तरह से पाठक के अपने विवेक और निर्णय पर निर्भर है।