Akshaya Tritiya 2026 Date (कब है अक्षय तृतीया 2026): हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। इसे अबूझ मुहूर्तों में से एक माना जाता है। अक्षय का अर्थ होता है जो कभी क्षय न हो यानी जो नष्ट न हो। मान्यता है कि इस दिन किया गया कोई भी कार्य, विशेष रूप से खरीददारी या निवेश, स्थायी रूप से फल देता है और उसमें निरंतर वृद्धि होती है। इसी कारण इस दिन लोग अपनी योग्यता के अनुसार सोना-चांदी आदि खरीदते हैं। अगर सोना खरीदना संभव न हो तो चांदी, पीतल या अन्य शुभ वस्तुएं भी खरीदी जा सकती हैं। इस दिन थोड़ा-बहुत निवेश करना भी शुभ माना जाता है। इस साल वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि दो दिन होने के कारण अक्षय तृतीया की तिथि को लेकर काफी असमंसज की स्थिति बनी हुई है। जानें अक्षय तृतीया की सही तिथि, शुभ मुहूर्त, सोना-चांदी खरीदने का समय से लेकर अन्य जानकारी…
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन भगवान परशुराम का जन्म हुआ था। इसके अलावा इस दिन माता अन्नपूर्णा का प्राकट्य हुआ थाऔर भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को अक्षय पात्र प्रदान किया था,जिससे कभी भोजन समाप्त नहीं होता था। यही कारण है कि इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा भी है। इतना ही नहीं कहा जाता है कि इसी दिन सुदामा और श्रीकृष्ण का मिलन हुआ था और त्रेता युग की शुरुआत भी इसी दिन मानी जाती है। इस प्रकार अक्षय तृतीया एक अत्यंत शुभ और फलदायी दिन है। इस दिन पूजा-पाठ, धार्मिक ग्रंथों का पाठ, मंदिर दर्शन आदि करना उत्तम माना जाता है।
अक्षय तृतीया 2026 कब है? (Akshaya Tritiya 2026 Date)
वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि आरंभ- 19 अप्रैल 2026 को 10:49 ए एम बजे
वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि समाप्त– 20 अप्रैल 2026 को 07:27 ए एम बजे
अक्षय तृतीया 2026 तिथि- 19 अप्रैल 2026
अक्षय तृतीया 2026 पूजा मुहूर्त (Akshaya Tritiya 2026 Puja Muhurat)
19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त है। इसकी कुछ अवधि 1 घंटे 32 मिनट की होगी।
अक्षय तृतीया 2026 पर खरीदारी का मुहूर्त – 19 अप्रैल 2026 (Akshaya Tritiya 2026 Gold Purchase Time)
खरीदारी का समय– 10:49 ए एम से 05:51 ए एम, अप्रैल 20
अवधि – 19 घण्टे 02 मिनट्स
अक्षय तृतीया पर चौघड़िया मुहूर्त
प्रातः मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत) – 10:49 ए एम से 12:20 पी एम
अपराह्न मुहूर्त (शुभ) – 01:58 पी एम से 03:35 पी एम
सायाह्न मुहूर्त (शुभ, अमृत, चर) – 06:49 पी एम से 10:57 पी एम
रात्रि मुहूर्त (लाभ) – 01:43 ए एम से 03:05 ए एम, अप्रैल 20
उषाकाल मुहूर्त (शुभ) – 04:28 ए एम से 05:51 ए एम, अप्रैल 20
अक्षय तृतीया 2026 खरीदारी का समय- 20 अप्रैल 2026 (Akshaya Tritiya 2026 Gold Purchase Time)
अक्षय तृतीया सोने की खरीदारी 20 अप्रैल 2026 को करना चाहते हैं, तो 05:51 ए एम से 07:27 ए एम के बीच कर सकते हैं।
अवधि – 01 घण्टा 36 मिनट्स
अक्षय तृतीया के साथ व्याप्त शुभ चौघड़िया मुहूर्त
प्रातः मुहूर्त (अमृत) – 05:51 ए एम से 07:27 ए एम
अक्षय तृतीया का धार्मिक महत्व
अक्षय तृतीया को हिंदू धर्म में ‘अबूझ मुहूर्त’ माना जाता है, यानी ऐसा शुभ समय जिसमें किसी भी मांगलिक कार्य के लिए पंचांग देखने की आवश्यकता नहीं होती। इसे वर्ष के साढ़े तीन सबसे शुभ मुहूर्तों में गिना जाता है। इन विशेष मुहूर्तों में चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा, आश्विन मास की दशमी, वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया यानी अक्षय तृतीया और कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा शामिल हैं। इनमें से पहली तीन तिथियां पूर्ण मुहूर्त मानी जाती हैं, जबकि चौथी तिथि को आधा मुहूर्त कहा जाता है।
इसी वजह से ये साढ़े तीनों तिथियां पूरे वर्ष में अत्यंत पवित्र और शुभ मानी जाती हैं। अक्षय तृतीया के दिन विवाह, मुंडन, कर्ण छेदन, गृह प्रवेश जैसे सभी 16 संस्कार करना विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है। इसके अलावा इस दिन सोना-चांदी, संपत्ति या वाहन खरीदना भी शुभ फल देने वाला माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन किए गए कार्यों पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा रहती है, जिससे जीवन में सुख, समृद्धि और वैभव बढ़ता है।
डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।
