Ahoi Ashtami Vrat Katha In Hindi: अहोई अष्टमी का व्रत संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना करते हुए रखा जाता है। हिंदू धर्म में इस व्रत का बहुत अधिक महत्व है। हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को अहोई अष्टमी का व्रत रखा जाता है। इस दिन माताएं निर्जला या फिर फलाहार व्रत रखती हैं और शाम को अहोई माता की पूजा-अर्चना करती हैं। मान्यता है कि अहोई माता की विधिवत पूजा करने के साथ-साथ इस व्रत कथा का पाठ करना या फिर श्रवण करना चाहिए। इससे संतान के जीवन में सुख-समृद्धि हो सकती है। जानिए अहोई अष्टमी की संपूर्ण व्रत कथा…

Ahoi Ashtami 2026: रवि पुष्य योग में इस विधि से करें अहोई माता की पूजा, जानिए अहोई अष्टमी का शुभ मुहूर्त, तारों के निकलने का समय

अहोई अष्टमी 2026 पूजा मुहूर्त (Ahoi Ashtami 2026 Shubh Muhurat)

अहोई अष्टमी की पूजा मुहूर्त शाम 5 बजकर 35 मिनट से 6 बजकर 54 मिनट तक रहेगा।
चंद्रोदय का समय- 1 नवंबर को चंद्रोदय का समय रात 11 बजकर 39 मिनट है।
तारों के दर्शन का समय- तारों को देखने के लिए शाम का समय- शाम 6 बजे

अहोई अष्टमी व्रत कथा (Ahoi Ashtami Vrat Katha)

प्राचीन समय में एक साहूकार था, जिसके सात बेटे और सात बहुएं थीं। साहुकार की एक बेटी भी थी जो दीपावली में ससुराल से मायके आई थी। दीपावली पर घर को लीपने के लिए सातों बहुएं मिट्टी लाने जंगल में गई तो ननद भी उनके साथ हो ली। साहुकार की बेटी जहां मिट्टी काट रही थी उस स्थान पर स्याहु (साही) अपने बेटों से साथ रहती थी। मिट्टी काटते हुए गलती से साहूकार की बेटी की खुरपी की चोट से स्याहू का एक बच्चा मर गया। स्याहू इस पर क्रोधित होकर बोली मैं तुम्हारी कोख बांध दूंगी। स्याहू के वचन सुनकर साहूकार की बेटी अपनी सातों भाभियों से एक-एक कर विनती करती हैं कि वह उसके बदले अपनी कोख बंधवा लें। सबसे छोटी भाभी ननद के बदले अपनी कोख बंधवाने के लिए तैयार हो जाती है। इसके बाद छोटी भाभी के जो भी बच्चे होते हैं वे सात दिन बाद मर जाते हैं। सात पुत्रों की इस प्रकार मृत्यु होने के बाद उसने पंडित को बुलवाकर इसका कारण पूछा। पंडित ने सुरही गाय की सेवा करने की सलाह दी।

सुरही सेवा से प्रसन्न होती है और उसे स्याहु के पास ले जाती है। रास्ते थक जाने पर दोनों आराम करने लगते हैं, अचानक साहुकार की छोटी बहू की नजर एक ओर जाती हैं, वह देखती है कि एक सांप गरूड़ पंखनी के बच्चे को डंसने जा रहा है और वह सांप को मार देती है। इतने में गरूड़ पंखनी वहां आ जाती है और खून बिखरा हुआ देखकर उसे लगता है कि छोटी बहू ने उसके बच्चे को मार दिया है इस पर वह छोटी बहू को चोंच मारना शुरू कर देती है।

छोटी बहू इस पर कहती है कि उसने तो उसके बच्चे की जान बचाई है। गरूड़ पंखनी इस पर खुश होती है और सुरही सहित उन्हें स्याहु के पास पहुंचा देती है। वहां स्याहु छोटी बहू की सेवा से प्रसन्न होकर उसे सात पुत्र और सात बहु होने का आशीर्वाद देती है। स्याहु के आशीर्वाद से छोटी बहु का घर पुत्र और पुत्र वधुओं से हरा भरा हो जाता है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, ज्योतिषीय गणना और पंचांग पर आधारित है। पूजा मुहूर्त, चंद्रोदय, तारों के दर्शन और अन्य समय के स्थान के अनुसार अंतर हो सकता है। किसी भी धार्मिक अनुष्ठान से पहले स्थानीय पंचांग या फिर पंडित से समय की पुष्टि अवश्य करें।