उत्तर प्रदेश के नोएडा में सिर्फ 500 रुपए के लिए एक शख्स की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह घटना होली (Holi) वाले दिन यानी 8 मार्च की है। बताया जाता है कि एक व्यक्ति ने अपने घर को एक मजदूर से पेंट करवाया था और 500 रुपया बकाया था। यह घटना ईकोटेक – 3 थाना क्षेत्र (Ecotech Police Station) की है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू हो गई है।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार राम अवतार नाम के शख्स ने विजय हरकिशन (Vijay Harkishan) से पेंट का काम करवाया था। इसके बाद रामअवतार ने 500 रुपए बकाया कर दिया था। इसी बकाए को लेकर होली के दिन विजय अपना पैसा मांगने के लिए रामअवतार के घर पहुंचा था। लेकिन रामअवतार ने पैसा नहीं दिया और कहा कि वह उसके पैसे कुछ दिन बाद दे देगा। रामअवतार की बातों से विजय आक्रोशित हो गया और उसने चाकू से हमला कर दिया।
ईकोटेक-3 थाना के प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि गंभीर हालत में राम अवतार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि थाना ईकोटेक-3 पुलिस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि जम्मू कश्मीर में दिल्ली के श्रद्धा वॉकर हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। एक महिला डॉक्टर को उसके प्रेमी ने चाकू से गोदकर मार डाला। युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद खुद भी जान देने की कोशिश की थी। लेकिन पुलिस भी आनन-फानन में पहुंच गई इसके बाद आरोपी युवक को इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस ने महिला डॉक्टर की पहचान डॉ. सुमेधा शर्मा के रूप में की है। महिला तालाबा तिल्लो की रहने वाली थी,
वहीं आरोपी की पहचान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी जौहर गनई पुत्र महमूद गनई के रूप में हुए है। आरोपी का परिवार वर्तमान में पंपोश कॉलोनी में रहता है। पुलिस घर के अंदर घुसी तो डॉक्टर सुमेधा का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, जबकि आरोपी जौहर के शरीर पर चोट के निशान थे। आरोपी शख्स की हालत गंभीर है और उसका जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। बता दें कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।