समाजवादी पार्टी छोड़कर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में गईं विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है और कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने सीएम योगी और उनकी सरकार को धन्यवाद दिया तो आपने मुझे पार्टी से निकाल दिया।
भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बनीं पूजा पाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “श्री अखिलेश यादव जी, आज आप किस अधिकार से पिछड़ों और महिलाओं की बात करते हैं? मैं पिछड़े पाल समाज से हूं, एक महिला हूं और आपकी ही पार्टी से विधायक भी रही। मेरे पति का हत्यारा जब मिट्टी में मिला और मैंने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं उनकी सरकार को धन्यवाद दिया तो आपने मुझे पार्टी से निकाल दिया।”
आप सिर्फ हम गैर यादव पिछड़ी जातियों के शोषक- पूजा पाल
विधायक पूजा पाल ने आगे लिखा, “आपके चाचा राम गोपाल यादव जी ने कहा अतीक अहमद को मारने वालों को सत्ता में लौटने पर सजा मिलेगी, हम वक्त का इंतजार कर रहे हैं। आपने एक बार भी उनके इस बयान खिलाफ कुछ नहीं कहा, मौन रहे। श्री अखिलेश यादव जी, सही मायने में कहूं तो आपको सिर्फ यादव और मुस्लिम की चिंता है। गैर यादव ओबीसी की किसी अन्य जाति के लोगों से आपका कोई लेना देना नहीं है। आप सिर्फ और सिर्फ हम गैर यादव पिछड़ी जातियों के शोषक हैं।”
पूजा पाल ने सवाल करते हुए कहा, “मैंने जो झेला प्रभु श्रीराम न करें लेकिन फिर भी अगर वैसी ही घटना आपके परिवार के किसी महिला के साथ हो जाती तो आप क्या करते? सरकार अगर हत्यारों को मिट्टी में मिला देती तो आप क्या कहते? श्री अखिलेश यादव जी आपके जवाब का इंतजार रहेगा।”
पूजा पाल को बीजेपी ने दी अहम जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को 64 पदाधिकारियों वाली अपनी नई राज्य टीम की घोषणा की। इनमें से 52 नेताओं को राज्य कार्यकारी समिति में शामिल किया गया है। इन नियुक्तियों में 19 उपाध्यक्ष, 19 सचिव, 8 महासचिव और पार्टी के 6 विंग के अध्यक्ष शामिल हैं। इसके अलावा, पार्टी ने 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष, 3 कार्यालय सचिव और 3 अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की है।
समाजवादी पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाली विधायक पूजा पाल को राज्य उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को भी राज्य टीम में शामिल किया गया है और उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: PDA का ‘विनिंग फॉर्मूला’ और सॉफ्ट हिंदुत्व, समझिए कैसे BJP के खिलाफ चक्रव्यूह बना रहे अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब 7-8 महीने का ही वक्त बचा है। उससे पहले सत्तारूढ़ बीजेपी से लेकर मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी तक अपनी चुनावी तैयारियों का पुख्ता करने और संगठन को सक्रिय करने में जुटे हुए हैं। वर्तमान में यूपी की सियासत का सबसे ज्वलंत मुद्दा अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे की चोरी से जुड़ा है और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस पर सबसे ज्यादा आक्रामक हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
