Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) कैंपस के मुख्य केनेडी ऑडिटोरियम में मंच से जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए। इसका वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
दरअसल, एएमयू के कैनेडी ऑडिटोरियम में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक मंडलीय औद्योगिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। पहली बार एएमयू कैंपस में कोई सरकारी कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस गोष्ठी कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने जमकर “ओम नमः पार्वती पतये हर हर महादेव”, “जय श्री राम” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए। मंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कैनेडी हाल के भीतर हर हर महादेव..”
बागवानी उत्पादन बढ़ाने पर मंत्री ने दिया जोर
सभा को संबोधित करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने किसानों की आय में सुधार के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और बागवानी उत्पादन बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा, “बागवानी क्षेत्र में नई तकनीकों और इनोवेशन को अपनाकर किसान बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं।”
किसानों को किया गया सम्मानित
इस सेमीनार में अलीगढ़, आगरा और मेरठ डिवीजनों के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद किसानों को खेती के आधुनिक तरीकों, बेहतर किस्म की फसलों और खेती से जुड़े एक्सपोर्ट के मौकों के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान, खेती और बागवानी में बेहतरीन काम करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया। कई किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और खेती के आधुनिक प्रयोगों और तरीकों पर चर्चा की। इस कार्यक्रम में कमिश्नर संगीता सिंह और जन-प्रतिनिधियों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढे़ं: यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी से कितनी सीटें मांग सकते हैं जयंत?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सियासी रूप से जागरूक इलाका नई उम्मीदों और उत्साह के साथ चुनाव में भाग लेकर अपनी राय व्यक्त करेगा। एनडीए का प्रमुख घटक राष्ट्रीय लोकदल जयंत चौधरी की अगुवाई में बूथ स्तर तक अपने संगठन को मुस्तैद करने में लगा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
