उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंंगलवार को रामपुर में थे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान रामपुरी चाकू का इस्तेमाल कर सपा के लोग जमीनों पर कब्जा करते थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले सैफई को बिजली मामले में प्राथमिकता मिलती थी जबकि अब सभी जिलों को बराबर बिजली मिल रही है।
‘रामपुर के चाकू का दुरुपयोग करती थी सपा’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान रामपुर के चाकू का दुरुपयोग करके सपा के नेता जमीनों पर कब्जा करते थे और जनता को प्रताड़ित करते थे। उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद यही चाकू जनता की सुरक्षा के उपयोग में आ रहा है और अब प्रदेश का विकास हो रहा है।
रामपुर में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “विकास की प्रक्रिया में सभी लोगों को हम एक समान रूप से आगे बढ़ाएंंगे। अब पिक एंड चूज नहीं होता है कि बिजली सैफई में आएगी, पीलीभीत में नहीं आएगी…आएगी तो 75 जनपदों में आएगी, एक साथ आएगी और सभी साढ़े तीन सौ तहसीलों में आएगी।”
‘आगे बढ़ रही है यूपी की अर्थव्यवस्था’
योगी ने कहा कि विरासत को सम्मान देकर कैसे अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाया जा सकता है, उत्तर प्रदेश उसका मॉडल बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग 96 लाख MSME इकाइयां हैं, हर इकाई का 5 लाख रुपये का सुरक्षा बीमा कवर भी कराया है।
‘रामभक्तों पर लाठीचार्ज करवाने ले रहे राम का नाम’
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जो ‘जय श्रीराम’ बोलने वालों पर लाठीचार्ज और गोली चलवाते थे, आज वही राम का नाम लेने लगे हैं। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति ने देश और समाज को नुकसान पहुंचाया और उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर बिना भेदभाव के काम कर रही है।
(यह खबर जनसत्ता के साथ इंटर्नशिप कर रही कल्याणी चौधरी ने लिखी है)
