उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। हाल ही में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन के दौरान लखनऊ में अपना काम करवाने के लिए एक मासूम ‘जनता’ आई। सीएम ने भी बच्ची की विनती पर ध्यान देते हुए अधिकारियों को तुरंत एक्शन लेने को कहा। एक छोटी सी बच्ची अपना एडमिशन किसी स्कूल में करवाने की इच्छा लेकर आई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने अधिकारियों को बच्ची का दाखिला कराने का आदेश दिया।

जनता दर्शन के दौरान एक बच्ची अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंची। जब मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि क्या कहना है, तो उसने मासूमियत से कहा कि उसका स्कूल में एडमिशन करा दिया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या वह रोज स्कूल जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगे पूछा कि उसे किस कक्षा में दाखिला चाहिए। इस पर बच्ची की मां ने बताया कि नर्सरी में। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि क्या वह रोज स्कूल जाएगी और मन लगाकर पढ़ाई करेगी। बच्ची ने सिर हिलाकर हामी भरी। मुख्यमंत्री योगी ने फिर बच्ची से पूछा कि वह क्या पढ़ती है और सुनाने को कहा। इस पर बच्ची ने ‘शेर बच्चे, शेर बच्चे’ कविता सुनाई। बच्ची की कविता सुनकर मुख्यमंत्री खुश हो गए और मौके पर मौजूद अधिकारी को उसका एडमिशन कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि अब वह खुश है न और स्नेहपूर्वक उसे चॉकलेट भी दी।

पढ़ें- आम नागरिकों के जीवन को सहज व सरल बनाने में मदद करेगा आम बजट 2026: सीएम योगी

योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद नन्ही अनाबी अली ने बताया, “मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से मुलाकात की और उनसे लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में मेरा दाखिला एडमिशन कराने के लिए कहा। बच्ची ने बताया कि योगी जी ने कहा है कि वो मेरा एडमिशन करा देंगे।” वहीं, मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अनाबी अली की मां फराह मुशर्रफ ने बताया, “हम अपनी बेटी का लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल में दाखिला कराने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने आए थे। उसने मुख्यमंत्री के सामने एक कविता सुनाई। वह स्कूल जाने के लिए उत्सुक है। हमें भरोसा दिलाया गया है कि उसका दाखिला हो जाएगा।”