उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को श्री राम कथा महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मंच से लव जिहाद और भूमि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ हमला बोला। उन्होंने लव जिहाद को लेकर जनसभा से कहा कि हमें इसके प्रति सतर्क रहना होगा।

जानकारी दे दें कि जगतगुरु रामभद्राचार्य द्वारा सुनवाई जा रही ‘श्री राम कथा महोत्सव’ लखनऊ में 9 दिनों तक चली। मंगलवार को उसका समापन होना है, इसी दौरान सीएम योगी कथा में शामिल हुए।

हाईकोर्ट ने भी इस पर चिंता जताई- सीएम योगी

मंच से योगी आदित्यनाथ ने कहा, “केरल हाईकोर्ट ने 2009 और 2011 में लव जिहाद पर चिंता व्यक्त की कि यह धार्मिक आबादी को बदलने की यह एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। लेकिन तब भी हम उस पर ध्यान नहीं दिए। हमने 2020 में उत्तर प्रदेश में इसके लिए (लव जिहाद) के लिए सख्त कानून बनाया। तब भी इस पर व्यापक जन-जागरूक किए जाने की आवश्यकता है। हमें सचेत रहना होगा।”

भूमि अतिक्रमण पर भी बोले मुख्ममंत्री

उन्होंने आगे कहा, “याद रखना नकारात्मक ताकतें हर कालखंड में आएंगी। लेकिन समाज के सज्जन शक्ति को मिलकर इसका मुकाबला करना होगा। और यही स्थिति उस लैंड जिहाद से जुड़े लोगों के प्रति भी रखना होगा। भगवान राम के काल के दौरान (राक्षस) खरदूषण, मारीच और सुबाहु क्या कर रहे थे। वे भी लैंड जिहाद (भूमि अतिक्रमण) से अभियान से ही जुड़े हुए थे। जबरन कब्जा कर लेना, किसी जमीन को खाली देखा, उसमें जबरन अपना तंबू गाड़ दिया। ये सब अब बंद हो जाना चाहिए।”

भारत की धरती धर्मशाला नहीं- योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कहा, “भारत की धरती उन आक्रांताओं के प्रति, जिनकी देश के प्रति आस्था नहीं है, जो भारत के प्रति निष्ठा नहीं रखते। भारत के संस्कारों का सम्मान नहीं कर सकते। ऐसे लोगों के लिए भारत की धरती धर्मशाला नहीं हो सकती है।”

सीएम योगी ने कहा, “भारत की संत शक्ति जो देश को एकजुट रखकर आगे बढ़ाना चाहती है, उनके काम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। तोड़ने वाली ताकतें आएंगी। वे बांटने का काम करेंगी। कोई जाति के नाम पर बांटेगा, कोई क्षेत्र के नाम पर बांटेगा और कोई भाषा के नाम पर बांटने की कोशिश करेगा। लेकिन हम सब को कथा के उस मर्म को समझना पड़ेगा, जो पूज्य जगतगुरु रामभद्राचार्य ने समझाने की कोशिश की है।”

जिसने राम से द्रोह किया उसे धरती पर जगह नहीं मिली- योगी

उन्होंने कहा, “हिंदू धर्म में कहते हैं कि हम जिसे आदर्श मानते हैं, उनके अनुरूप बनें, हम शिव के पूजा करते हैं, हम राम की पूजा करते हैं तो हमें उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए, उनके अनुरूप बनने की कोशिश करनी चाहिए। याद रखें कि जिसने राम को अपने जीवन का आदर्श बनाया है, उसका कल्याण हुआ है और जिसने राम से द्रोह किया उसे धरती पर कहीं जगह नहीं मिली है।”

यह भी पढ़ें: गाजीपुर एनकाउंटर पर तनावपूर्ण हुई यूपी की सियासत, योगी के मंत्री संजय निषाद ने ही दे दी राजनीतिक नुकसान की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में 4 जून को प्रदेश की पुलिस ने हत्या के आरोपी कमलेश बिंद का एनकाउंटर किया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। इस एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। एक तरफ विपक्ष में बैठी समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर बीजेपी और योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ हमलावर हैं, तो दूसरी ओर ध्यान देने वाली बात यह है कि एनडीए के ही घटक दल इसको लेकर सवाल उठाने लगे हैं, जिसके केंद्र में निषाद पार्टी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें