तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के वरिष्ठ नेता सीटीआर निर्मल कुमार ने शनिवार को एनडीए के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार कर दिया। हालांकि, पार्टी से जुड़े कई सूत्रों ने बताया कि महासचिव एन. आनंद के नेतृत्व में अंदरुनी चर्चाएं चल रही हैं कि अभिनेता से नेता बने विजय की लोकप्रियता और अनुभवी दलों की ताकत को एक साथ लाकर चुनावी तालमेल और शानदार जीत दर्ज करने पर विचार किया जा रहा है।
यह चर्चा चल रही है कि क्या टीवीके, एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन के साथ हाथ मिलाकर आंध्र प्रदेश में पवन कल्याण के नेतृत्व वाले जनसेना-टीडीपी सरकार मॉडल को तमिलनाडु में दोहरा सकती है?
टीवीके में कुछ वर्ग अकेले चुनाव लड़ने, एमजीआर की विरासत को आगे बढ़ाने और उन्हीं की तरह विजेता बनकर उभरने की पुरजोर वकालत कर रहे हैं।
क्या बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष?
बीजेपी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन से पूछा गया कि क्या टीवीके के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया, जिससे सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार और गर्म हो गया। नैनार ने न तो इनकार किया और न ही सहमति जताई।
नागेंद्रन ने यहां पत्रकारों से कहा, “आप गठबंधन को लेकर चिंतित हैं और मैं जनता की समस्याओं, विशेष रूप से राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता और महिलाओं की सुरक्षा की कमी को लेकर चिंतित हूं।”
टीवीके के संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने एनडीए के साथ गठबंधन के लिए बातचीत की खबरों को ‘अफवाह’ बताते हुए कहा कि 13 मार्च को पार्टी के जिला सचिवों के साथ हुई डिजिटल बैठक गठबंधन की ताकत और संभावनाओं का आकलन करने के लिए थी।
कुमार ने चुनावी गठबंधन की संभावना से संबंधित खबरों को मीडिया की अटकलें बताकर खारिज कर दिया। टीवीके को एनडीए में शामिल करने के लिए दबाव बनाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर बीजेपी नेता के. अन्नामलाई ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में DMK गठबंधन को सत्ता से बाहर कर पाएगा NDA?
तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक बिसात बिछ चुकी है। क्या एनडीए डीएमके गठबंधन को सत्ता से बाहर कर पाएगा? क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
