राष्ट्रीय जनता दल के ऑफिस में दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने दशरथ मांझी की जगह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का नाम ले लिया।
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘आज जीतन राम मांझी के श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सभी लोगों का आभार करता हूं।’ पूर्व डिप्टी सीएम के इतना कहते ही वहां पर उपस्थित लोगों ने उन्हें सही नाम बताया। इसके बाद उन्होंने अपनी गलती सुधारी और जीतन राम मांझी की जगह दशरथ मांझी का नाम लिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने दशरथ मांझी के ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि मांझी ने पहाड़ काटकर अंसभव काम पूरा कर मिसाल पेश की। उनके संकल्प ‘जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं’ का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने पटना के किसी प्रमुख चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने और उनके नाम पर आश्रम बनाने की डिमांड भी रखी।
बाबू साहब की रात वाली उतरी नहीं- जीतन राम मांझी
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इसका वीडियो शेयर करते हुए तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल, लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहें हैं।”

जीतन राम मांझी ने आगे कहा, “अगर हालात नहीं सुधरें तो आने वाले वक्त में ये जनाब जीते जी अपने पिता लालू जी एवं राबड़ी जी को भी श्रद्धांजलि दे देंगें। नशा कुछ भी करा सकता है।”
बीजेपी ने भी कसा तंज
इस मामले में बिहार भारतीय जनता पार्टी ने भी तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “फेलस्वी जी, आपसे ना हो पाएगा। दशरथ मांझी जी को श्रद्धांजलि देनी थी, शहजादे ने जीतन राम मांझी जी को ही श्रद्धांजलि दे दी।”
यह भी पढ़ें: ‘दंभी सरकार लोकतांत्रिक मांगों को सुनने की बजाय…’, RJD के राजभवन मार्च से पहले लालू यादव ने बिहार के लोगों से की अपील
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को सरकार पर छात्रों और युवाओं की लोकतांत्रिक मांगों को नजर अंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें पेपर लीक, जर्जर शिक्षा व्यवस्था, पक्षपातपूर्ण भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
