Mayawati News: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी में वापस लेने के बाद चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंप दी है। आकाश आनंद 28 अक्टूबर से अलग-अलग शहरों में प्रचार करेंगे। मायावती ने साफ किया कि अशोक सिद्धार्थ को बीएसपी में किसी भी कीमत पर वापस नहीं लिया जाएगा।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जैसाकि सर्वविदित है कि श्री आकाश आनन्द, अपने रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लिये जाने के उपरान्त, अब बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में काफी सूझबूझ व परिपक्वता (मैच्युरिटी) प्रदर्शित करते हुये बीएसपी पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों को, परिवार व रिश्ते-नाते आदि के ऊपर प्राथमिकता देते हुये, अपनी जिम्मेदारी को निभाने में काफी मेहनत व तेजी से लग गये हैं, जबकि ’बहुजन समाज’ के लोगों को उनसे पूरी अपेक्षा भी है।”

उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में जनसभाएं करेंगे आकाश आनंद

मायावती ने बताया कि आकाश आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बसपा की जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पंजाब में बसपा की विचार संगोष्ठी में आकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके बाद वे देश में दलितों, अति-पिछड़ों व अन्य उपेक्षित बहुजनों के मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण (पुण्यतिथि) दिवस पर आगामी 06 दिसम्बर 2026 को उत्तराखण्ड राज्य के ज़िला हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह/जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे।

मायावती ने आगे कहा, “इस प्रकार से श्री आकाश आनन्द द्वारा बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों में पूरे जी-जान से अब लग जाने से एक बार पुनः यह साबित होता है कि पिछले दिनों जो भी अप्रिय घटनाक्रम हुए है तो उसके लिये श्री आकाश आनन्द कम व उनके रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेदार हैं, तभी इनको पार्टी से बाहर करके राजनीति से भी सन्यास लेने की सलाह दी गई।”

बसपा सुप्रीमो ने कहा, “किन्तु स्वार्थी तत्वों द्वारा लोगों को किस्म-किस्म के हथकण्डे अपनाकर वरगलाने का काम अभी भी लगातार जारी है, जिससे पार्टी के सभी लोग जरूर सावधान व सतर्क रहें और श्री आकाश आनन्द को सौंपे गए सभी पार्टी कार्यक्रमों को पूरे तन, मन, धन से लग कर उन्हें जरुर सफल बनाएं।”

अशोक सिद्धार्थ को किसी कीमत पर पार्टी में नहीं लिया जाएगा- मायावती

मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को वापस पार्टी में लेने की अफवाहों को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “साथ ही, इन अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दें कि श्री आकाश आनन्द की तरह श्री अशोक सिद्धार्थ को भी पूर्व की तरह पार्टी में पुनः वापस ले लिया जायेगा। ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है अर्थात् अब श्री अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में व किसी भी क़ीमत पर फिर से पार्टी में पुनः वापिस नहीं लिया जायेगा।”

ईशान आनंद भी पार्टी के कामों में करेंगे सहयोग

मायावती ने यह भी बताया कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद अब बसपा के कामों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, “आनन्द कुमार के छोटे बेटे श्री ईशान आनन्द, जो वकालत की अपनी पढ़ाई लंदन से पूरी कर चुके हैं, वे भी मेरे (पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के) दिशा-निर्देशन में, एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में बीएसपी के दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय में खासकर पार्टी के चुनाव व अन्य पेपरवर्क आदि से सम्बंधित कार्यों में भी सहयोग करेंगे।”

यह भी पढे़ं: ‘फर्जी, प्रयोजित और ध्यान भटकाने वाला’, चुनावी सर्वे और मीडिया आकलन को लेकर मायावती का तीखा हमला

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने चुनावी सर्वे और मीडिया के आकलन पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सिलसिलेवार पोस्ट साझा करते हुए बसपा सुप्रीमो ने तमाम चुनावी सर्वे को ‘फर्जी, प्रायोजित और ध्यान भटकाने वाला’ करार दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…