राजस्थान के जयपुर में सोमवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अत्यधिक गर्मी के बीच पानी की गंभीर किल्लत का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी ने भजनलाल शर्मा की सरकार पर आरोप लगाया कि वे राज्य के लोगों को पीने के पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करवाने में असफल रही है।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जो सरकार पीने का पानी नहीं दे सकती, वो सरकार निकम्मी है। सरकार ने पानी की किल्लत से निपटने के लिए कोई भी प्लान नहीं बनाया।
उन्होंने दावा किया कि जैसलमेर में एक हजार गाय बिना पानी के मर गईं और जयपुर में लोग पचास रुपये में देकर एक कैंपर और पांच सौ रुपये में एक टैंकर पानी खरीद रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के रात्रि चौपालों में पार्टियां चल रही हैं।
प्रताप सिंह खाचरियावास ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, मंत्री और बीजेपी के विधायक मजे कर रहे हैं और राजस्थान की जनता प्यासी मर रही है। उन्होंने कहा कि अगर 24 घंटे में जयपुर में गंदे पानी की समस्या का समाधान और बीसलपुर से पानी नहीं उपलब्ध नहीं करवाया गया तो वे मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों के पानी के कनेक्शन काट देंगे।
‘जयपुर की सभी विधानसभाओं में पानी की किल्लत’
प्रताप सिंह खचारियावास ने कहा कि जयपुर के आठों विधानसभा क्षेत्रों में पानी नहीं आ रहा और सरकार में जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। लोगों ने बीजेपी को वोट देकर गलती कर दी, लोग परेशान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के विधायक लोगों के बीच में नहीं जाते हैं और जहां भी जाते हैं, वहां की जनता इन्हें गंदा पानी पिलाने की कोशिश कर रही है। खचारियावास ने कहा कि आप गंदा पानी नहीं रोक पा रहे हो, साफ पानी कहां से दोगे।
यह भी पढ़ें: भारत की जल समस्या केवल ‘कितना पानी है’ का सवाल नहीं, बल्कि ‘कैसा पानी है’ का भी सवाल | विचार
शहरों की जल आपूर्ति व्यवस्था दबाव में है। लोग पानी के लिए घंटों इंतजार में खड़े रहते हैं। जलवायु परिवर्तन ने वर्षा को भी इतना अनिश्चित बना दिया है कि कहीं बाढ़ और कहीं सूखा एक साथ दिखाई देता है। पूरा लेख पढ़ने के लिए क्लिक करें।
