उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों- सपा और कांग्रेस – के बीच सब कुछ ठीक नहीं लग रहा है। हाल ही में अखिलेश यादव ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में इंंडिया गठबंधन की रैली में शिरकत कर एकजुटता का प्रदर्शन किया लेकिन यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच नया विवाद खड़ा होता नजर आ रहा है।

दरअसल कांग्रेस पार्टी के नेता और यूपी के लिए AICC इंचार्ज राजेंद्र पाल गौतम ने कुछ दिनों पहले स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात की थी। स्वामी प्रसाद मौर्य की गिनती कभी यूपी के प्रमुख गैर यादव ओबीसी नेताओं में होती थी। सपा से जुड़े सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उनकी पार्टी के शीर्ष नेता इस घटनाक्रम से नाराज हैं।

योगी सरकार में मंत्री थे स्वामी प्रसाद मौर्य

स्वामी प्रसाद मौर्य साल 2017 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। वह योगी सरकार में मंत्री भी बनाए लेकिन उन्होंने साल 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सपा का दामन थाम लिया था। हालांकि वह चुनाव हार गए।

इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने 2024 में सपा छोड़ दी। सपा छोड़ने से पहले उन्होंने रामचरितमानस पर विवादित बयान दिया था। स्वामी प्रसाद के बयान से सपा में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी और तब सपा ने कहा था कि इस बयान से यूपी में पार्टी की संभावनाओं को नुकसान पहुंच रहा है।

इस साल फरवरी में भी स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को PDA को लेकर भ्रमित बताया। उन्होंने आरोप लगाथा था कि अखिलेश कन्फ्यूज हैं। कभी वो डी फॉर दलित और कभी डी फॉर डिंपल यादव कहते हैं।

क्या इंडिया गठबंधन में शामिल हो चुके हैं स्वामी प्रसाद मौर्य?

सपा से अलग होने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य अपनी जनता पार्टी बना चुके हैं। पिछले महीने उन्होंने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दावा यह भी किया जा रहा है कि वह इंडिया गठबंधन में शामिल हो चुके हैं।

हालांकि शुक्रवार को अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि यूपी में विपक्षी ब्लॉक में स्वामी प्रसाद मौर्य या उनकी पार्टी की जरूरत नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि हम गठबंधन में उनका स्वागत नहीं कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव में उसके साथ शेयर करने के लिए कोई सीट नहीं है।

यूपी में कांग्रेस-सपा सीट शेयरिंग को लेकर राजेंद्र पाल गौतम लगातार बयान दे रहे हैं। उन्होंने सोमवार को नई दिल्ली में स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाकात के बाद X पर तस्वीरें शेयर की थी। हालांकि स्वामी प्रसाद मौर्य से खराब रिश्तों की वजह से सपा नेतृत्व इस मुलाकात से खुश नजर नहीं आया।

सपा के एक सांसद ने कहा कि हमारे सहयोगी दल का कोई पदाधिकारी कैसे खुलेआम स्वामी प्रसाद मौर्य से मिल सकता है। उन्होंने हमारे नेता के खिलाफ सार्वजनिक टिप्पणी की थी।

हालांकि उन्होंने इस मुलाकात पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मसले को अखिलेश यादव द्वारा गांधी परिवार और कांग्रेस लीडरशिप के सामने उठाया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम इस पर टिप्पणी क्यों करें? आपको मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से सवाल करने चाहिए कि वो क्या वे सियासत में ऐसी निजी टिप्पणियों का समर्थन करते हैं?”

स्वामी प्रसाद को राजेंद्र पाल गौतम ने बताया ‘दोस्त’

द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने स्वामी प्रसाद मौर्य को ‘दोस्त’ बताया। उन्होंने कहा कि वो मीटिंग एक ‘दोस्त’ के साथ थी।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “क्या मुझे दोस्तों से मिलना छोड़ देना चाहिए। जो लोग सालों से देशभर में मेरे साथ सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, वे मेरे दोस्त हैं और मैं उनसे मिलता रहूंगा। जब चुनाव आएंगे, तब सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी। यह एक अलग विषय है और इस पर सही समय आने पर फैसला लिया जाएगा।”

सपा से तनावपूर्ण रहे हैं राजेंद्र पाल गौतम के संबंध

राजेंद्र पाल गौतम के सपा से संबंध असहज और तनावपूर्ण रहे हैं। इसी साल मई महीने में वह कांग्रेस के दलित सांसद तनुज पुनिया के साथ अचानक से लखनऊ स्थित मायावती के आवास पर पहुंच गए थे। हालांकि उनकी बसपा प्रमुख से मुलाकात नहीं हो पाई थी लेकिन सपा और कांग्रेस दोनों ही दलों को उनका यह कदम रास नहीं आया। कांग्रेस ने बाद में उन्हें बाद में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था।

जून 2026 में जब से कांग्रेस ने राजेंद्र पाल गौतम को यूपी के लिए AICC इंचार्ज बनाया है, तब से सीट बंटवारे के मुद्दे पर सपा के साथ उनका कई बार टकराव हुआ हैं। हाल ही में, उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने यूपी की 180 सीटों की एक सूची सपा को भेजी है।

इन 180 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है लेकिन सपा ने उनके इस दावे से इनकार किया। यूपी में कांग्रेस पार्टी के 180-200 सीटों पर चुनाव लड़ने का राजेंद्र पाल गौतम का दावा सपा को रास नहीं आया है। सपा प्रदेश में कांग्रेस को 70-80 सीटें देने के मूड में है।

राजेंद्र पाल गौतम के रुख पर क्या सोचते हैं कांग्रेस नेता?

राजेंद्र पाल गौतम द्वारा किए जा रहे दावों पर कांग्रेस के एक सांसद ने कहा कि उन्हें इस तरह की टिप्पणियां करने से बचना चाहिए, जिनसे दोनों दलों के बीच तनाव पैदा हो।

कांग्रेस सांसद ने कहा, “रविवार को हमने अपने नेताओं (राहुल गांधी और अखिलेश यादव) और रामलीला मैदान पहुंचे कार्यकर्ताओं के बीच बेहतरीन तालमेल देखा। लेकिन, ठीक एक दिन बाद इस मुलाकात ने फिर से सपा में खलबली मच गई। स्वामी प्रसाद कौन हैं? उनसे क्या राजनीतिक फायदा होगा? मेरे हिसाब से, कुछ भी नहीं। तो फिर, AICC में इतने वरिष्ठ पद पर रहते हुए आपने उसने मुलाकात क्यों की?”

यूपी कांग्रेस का एक घड़ा राजेंद्र पाल गौतम को ‘सियासी रूप से कमजोर’ मानता है। प्रदेश के एक सीनियर नेता ने कहा कि एक्टिविज्म और पॉलिटिक्स में फर्क होता है। आप किससे मिलते हैं और क्या कहते हैं, इस पर सोच-समझकर कदम उठाना होता है।

उन्होंने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम ऐसा नहीं कर रहे हैं। इसका नुकसान उन लोगों को उठाना पड़ेगा जो सालों से यूपी में बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिन पर दर्जनों मुकदमे चल रहे हैं। वह जून में आए हैं, जल्द ही चले जाएंगे। लेकिन हम तो इसी राज्य में रहेंगे और नुकसान झेलेंगे।

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि गठबंधन का उद्देश्य प्रदेश में एकजुटता दिखाकर बीजेपी को हराना होना चाहिए। राजेंद्र पाल गौतम इसका उलट कर रहे हैं। हर दूसरे दिन वो कुछ ऐसा करते हैं कि दोनों साथियों (कांग्रेस और सपा) में नया तनाव पैदा हो जाए। इससे सिर्फ बीजेपी को फायदा मिलेगा।

यह भी पढ़ें: यूपी MLC चुनाव में अखिलेश का दांव सफल, 2027 से पहले बीजेपी के लिए खतरे की घंटी