Ram Mandir Donation Controversy: अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के विवाद को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है। इस बीच राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को अहम बैठक होनी है। कथित गबन को लेकर उठते सवालों के बीच एक तरफ ट्रस्ट के लिए काम करने वाले कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। दूसरी ओर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया था। ट्रस्ट की सोमवार की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला होना है।
बता दें कि पहले राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मठ मणि राम छावनी में होनी थी लेकिन अब बैठक का वेन्यू बदला गया है। बैठक के संबंध में मंदिर प्रशासन सहायक गोपाल राव ने कहा, “ट्रस्ट की बैठक कल दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर में होगी। सभी को सूचित कर दिया गया है; हम सभी से इसमें शामिल होने की अपेक्षा करते हैं।”
कोषाध्यक्ष ने कही है शामिल होने की बात
गौरतलब है कि अयोध्या ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा है। सूत्रों के मुताबिक, गंभीर रूप से बीमार ट्रस्ट अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास और उम्र संबंधी कारणों से यात्रा करने में असमर्थ वरिष्ठ ट्रस्टी के. परासरन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हो सकते हैं।
मंदिर ट्रस्ट की बैठक में क्या होंगे एजेंडे?
मंदिर ट्रस्ट की बैठक के मुख्य एजेंडों की बात करें तो इसमें चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला, राम मंदिर चढ़ावा कथित चोरी मामले में SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट पर चर्चा, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को लेकर भविष्य की व्यवस्थाओं पर चर्चा, वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और लेखा-जोखा की समीक्षा के अलावा अन्य प्रशासनिक और संगठनात्मक मुद्दे होंगे।
SIT की रिपोर्ट के आधार पर भविष्य को लेकर चर्चा
बता दें कि ट्रस्ट के महासचिव चंपय राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला सबसे बड़ा मुद्दा हो सकता है। बैठक में ट्रस्ट के सदस्य SIT रिपोर्ट के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करेंगे और आगे की कार्रवाई पर विचार कर सकते हैं।
ट्रस्ट में कौन-कौन?
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की बात करें तो इसमें 11 नियमित सदस्य हैं। इसमें नृत्य गोपाल दास, वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्नतीर्थ, परमानंद गिरि, गोविंद देव गिरि, कृष्ण मोहन, दिनेंद्र दास और के. परासरन, चंपत राय और अनिल मिश्रा शामिल हैं। बता दें कि ट्रस्टी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन के बाद से ट्रस्ट में उपाध्यक्ष का पद खाली है।
राम मंदिर ट्रस्ट के पदेन सदस्यों में केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे, उत्तर प्रदेश सरकार के सचिव संजय प्रसाद, अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: ‘चोरी कोई और करे, सबूत कोई और दे?’ राम मंदिर चंदा विवाद पर VHP पर भड़के पवन खेड़ा
अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में जांच अधिकारी को विश्व हिंदू परिषद के नेता आलोक कुमार के पत्र के बाद कांग्रेस ने रविवार को पलटवार किया। कांग्रेस ने विश्व हिंदू परिषद और बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के बजाय जांच से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…
