Khan Sir Institute Attack: ऑनलाइन कोचिंग पढ़ाने वाले खान सर के पटना के मुसल्लाहपुर स्थित ग्लोबल स्टडीज कोचिंग इंस्टीट्यूट पर हमला हुआ था। इस दौरान हमलावरों ने कोचिंग में जमकर तोड़फोड़ भी हुई है। अब पुलिस ने अपनी कार्रवाई को लेकर बताया कि अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर का नाम भी है। बता दें कि यह कोचिंग फेमस शिक्षक और यूट्यूबर फैजला खान की है, जो कि खान सर के तौर पर जाने जाते हैं।
पटना सिटी के डीएसपी राजेश रंजन ने बताया, “एफआईआर में ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक रौशन आनंद के साथ-साथ प्रिंस, अभिषेक और गौरव के नाम भी शामिल हैं, और इसमें 15 से 20 अज्ञात व्यक्तियों के नाम भी हैं।” नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायिक हिरासत की कार्यवाही के लिए उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।
दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद?
घटना के पीछे के मकसद के बारे में उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा कोई विशिष्ट आरोप नहीं लगाया गया है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिलता है कि बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में उम्मीदवारों की सफलता के बारे में हालिया दावों के बाद दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच तनाव उत्पन्न हो सकता है।
राजेश रंजन ने कहा कि खान कोचिंग ने कथित तौर पर दावा किया था कि संस्थान में बड़ी संख्या में सफल उम्मीदवारों को प्रशिक्षित किया गया है और हाल ही में सफल उम्मीदवारों के लिए एक उत्सव भोज का आयोजन किया गया था। उन्होंने बताया कि ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इन घटनाक्रमों को लेकर दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच कुछ नाराजगी या ईर्ष्या हो सकती है। आगे की जांच जारी है और सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संस्थान को उड़ा देने की धमकी
शिक्षक फैजल खान ने इस घटना को हाल ही में हुए बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणामों से भी जोड़ा था और दावा किया था कि उनके संस्थान के हजारों छात्रों का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि सफल उम्मीदवारों के लिए एक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था और आरोप लगाया कि इसके बाद कुछ लोग संस्थान में आए और धमकी दी कि दो दिनों के भीतर इसे उड़ा दिया जाएगा।
2 जून की रात हुआ था बड़ा हमला
बता दें कि यह घटना 2 जून को रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटर में पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और गोलीबारी हुई थी। हालांकि, संस्थान और आसपास के स्थानों से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के साथ हुई बातचीत से भी किसी प्रकार की गोलीबारी का कोई सबूत नहीं मिला।
हमले में शामिल 15 से 20 लोग
पुलिस ने बताया कि फुटेज में ज्ञान बिंदु कोचिंग इंस्टीट्यूट से कथित तौर पर जुड़े 15 से 20 लोग हमले में शामिल दिखाई दे रहे हैं। डीएसपी ने कहा कि राजेश रंजन ने कहा कि उपद्रवियों के गुट ने कथित तौर पर खान कोचिंग सेंटर द्वारा संस्थान के पास एक गली के कोने पर लगाए गए होर्डिंग को नुकसान पहुंचाया और परिसर की ओर ईंट और पत्थर फेंके।
पुलिस ने बताया कि फुटेज में कोचिंग सेंटर के गार्ड के साथ मारपीट और ईंट से हमला करते हुए दिखाया गया है। रंजन ने कहा कि कोचिंग सेंटर में कार्यरत गार्ड चुन चुन पर हमला किया गया। उसे सिर में चोट आई है और उसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस
एफआईआर की धाराएं हत्या के प्रयास, दंगा, उपद्रव, गलत तरीके से रोकना, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना, आपराधिक धमकी और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं।
कोचिंग संस्थान पर हमले के बाद खान सर ने मांगी पुलिस सुरक्षा, न्याय की मांग करते हुए छात्र दे रहे धरना
बिहार के पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ है। पटना के मुसल्लाहपुर हाट के पास कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर फायरिंग की खबर के बाद शिक्षक खान सर ने बुधवार को राज्य सरकार से पुलिस सुरक्षा की मांग की। पढ़िए पूरी खबर…
