सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। बीजेपी-जेडीयू गठबंधन की सरकार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बिहार में बना है। इस बीच जेडीयू के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि क्यों मुख्यमंत्री का पद बीजेपी को दिया गया है। विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद बीजेपी को मुख्यमंत्री पद इसलिए सौंपा गया, क्योंकि पहले बीजेपी ने उसका साथ दिया था। विजय कुमार चौधरी पूर्व सीएम नीतीश कुमार के करीबी नेता माने जाते हैं।
एनडीए के पास प्रचंड बहुमत है, इसलिए विश्वास मत जीतना तय- विजय चौधरी
विजय चौधरी ने जेडीयू के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”कल सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेगी। इसी उद्देश्य से विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है। एनडीए के पास प्रचंड बहुमत है, इसलिए विश्वास मत जीतना तय है। ‘यह भी ध्यान रखना चाहिए कि नई सरकार को हमारे नेता नीतीश कुमार का आशीर्वाद प्राप्त है, जिन्होंने राज्यसभा जाने का निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री पद छोड़ा। राज्य की जनता ने बार-बार उन पर भरोसा जताया है, इसलिए सभी निश्चिंत रहें कि नई सरकार नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलेगी।”
भाजपा पुरानी सहयोगी, इसलिए किया समर्थन- जेडीयू
इससे पहले जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विजय कुमार चौधरी राज्य में सत्ता परिवर्तन से जुड़े सभी सवालों का जवाब देंगे। यह प्रक्रिया एक महीने पहले नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा से शुरू हुई थी और उनके निर्वाचित होने के बाद सम्राट चौधरी के बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने के साथ पूरी हुई। जब उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी से पूछा गया कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद जेडीयू ने मुख्यमंत्री पद अपने पास रखने की कोशिश क्यों नहीं की, तो उन्होंने कहा, ”भाजपा पुरानी सहयोगी है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जब हमारी सीटें काफी कम हो गई थीं, तब उसने हमारा समर्थन किया था। इसलिए तय किया गया कि अब हम भी उनके नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देकर उस सहयोग का आभार दें।”
विजय कुमार चौधरी के अलावा जेडीयू के एक अन्य वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी पिछले हफ्ते उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसे सत्ता समीकरणों में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पिछली व्यवस्था में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे और सम्राट चौधरी तथा भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा उपमुख्यमंत्री थे।
(यह भी पढ़ें- सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर पिता शकुनी का पहला रिएक्शन)
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर उनके पिता ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि जो मेहनत करेगा, वो आग बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ईश्वर की ऐसी कृपा कभी-कभी होती है। पढ़ें पूरी खबर
