शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर डीजीसीए से सवाल पूछा है। राउत ने पूछा है कि अगर बारामती हवाई अड्डा पूरी तरह से आवश्यक उपकरणों से लैस नहीं था, तो वहां उड़ान संचालन की अनुमति क्यों दी गई।
राउत ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में पिछले साल अहमदाबाद में हुई एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने का जिक्र किया।
राउत ने कहा कि डीजीसीए ऐसी हर घटना के बाद जांच की घोषणा करता है लेकिन उसके नतीजे के बारे में पता नहीं चलता। बारामती में बुधवार को हुए विमान हादसे में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, ”बारामती हवाई अड्डे पर न तो रडार था और न ही एटीसी। वहां कोई व्यवस्था नहीं थी, सिर्फ एक हवाई पट्टी है और इस (विमान दुर्घटना) के लिए डीजीसीए जिम्मेदार है। बारामती हवाई अड्डे पर पर्याप्त कर्मचारी नहीं हैं।”
ऐसे हादसों के लिए कौन जिम्मेदार है?
शिवसेना (यूबीटी) नेता ने सवाल किया, ”ऐसे हादसों के लिए कौन जिम्मेदार है? ऐसी घटनाओं की जांच होनी चाहिए। हमने महाराष्ट्र में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति को खो दिया है और डीजीसीए को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। आप ऐसे हवाई अड्डों या हवाई पट्टियों को कैसे चलने देते हैं?”
महाराष्ट्र: सस्पेंस खत्म, एनसीपी नेता छगन भुजबल ने बताया- कौन बनेगा डिप्टी सीएम?
रामदास कदम ने भी पूछे सवाल
शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रामदास कदम ने कहा कि जब छह बार के उपमुख्यमंत्री के साथ ऐसी दुर्घटना होती है, तो विस्तृत जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की दुर्घटनाएं आम हो गईं तो कोई भी नेता हवाई यात्रा नहीं करेगा।
रामदास कदम ने सवाल किया, ”एक वीडियो में विमान उतरते समय एक तरफ झुकते हुए दिख रहा है। कुछ लोगों ने कहा कि इसकी आवाज अलग थी। तो पायलट को किस समस्या का सामना करना पड़ रहा था?”
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
