नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद पद की शपथ ले ली है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या भाजपा कोटे से मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनकी जगह यानी बिहार के मुख्यमंत्री बन पाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में अभी तक आरएसएस और भाजपा में सर्वसम्मति नहीं बन सकी है।

रविवार को भाजपा ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया, जो भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव कराएंगे, अभी यह पद सम्राट चौधरी के पास है।

14 अप्रैल को नीतीश दे सकते हैं इस्तीफा

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को संभवत: बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और उसी दिन शिवराज सिंह चौहान बिहार जा सकते हैं।

हालांकि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए सबसे प्रबल दावेदार बने हुए हैं, उन्हें जेडीयू औऱ अन्य एनडीए घटक दल पूरा समर्थन दे रहे हैं। सम्राट चौधरी ओबीसी कुशवाहा नेता के रूप में बड़े चेहरे हैं।

सम्राट के नाम पर सर्वसम्मति नहीं

एक भाजपा सूत्र ने कहा, “जैसा कि पहली बार बिहार में पार्टी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है, इसलिए भाजपा और संघ का एक बड़ा वर्ग चाहता है कि इस पद पर वह व्यक्ति आसीन हो जो पूरी तरह एबीवीपी और संघ से आता हो। सम्राट चौधरी का राजनीतिक करियर समता पार्टी से शुरू हुआ और उन्होंने 8 साल पहले आरजेडी को छोड़कर भाजपा ज्वॉइन किया था।”

पिछले एक सप्ताह में, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के मंत्री लखिंद्र पासवान और श्रेयसी सिंह के नाम भी संभावित दावेदार के तौर पर सामने आये। एक अन्य सूत्र ने कहा, “पार्टी कोई अंतिम फैसला लेने से पहले ओबीसी, ईबीसी, दलित और यहां तक कि सर्वण समाज से भी कई विकल्पों पर गौर कर रही है।”

सूत्र ने कहा, “यह एनडीए का फैसला होगा, अकेले भाजपा का नहीं।”

जेडीयू दे रही समर्थन

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने सरकार में मौजूदा समीकरण बनाए रखने के लिए सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जाहिर की है। अगर कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं और कुर्मी समाज से आने वाले नीतीश के बेटे निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री बनते हैं तो मौजूदा समीकरण लवकुश जैसा बनेगा। एक जेडीयू के नेता ने कहा, “पिछले दो सालों से सम्राट चौधरी ने प्रशासक के तौर पर परिपक्वता दिखाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भरोसा जीत लिया है।”

एनडीए के घटक दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने पत्रकारों से शनिवार को कहा, “जितनी मुझे जानकारी मिली है, उसके हिसाब से सम्राट ही मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार हैं।”

भाजपा में दिख रही बेचैनी

एनडीए की एक और घटक लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, वह भी सम्राट चौधरी को समर्थन दे रही है। एलजेपी (आरवी) के सूत्रों ने कहा, जब से सम्राट चौधरी दिल्ली से लौटे हैं,वह ज्यादा लोगों से नहीं मिल रहे। इससे भाजपा में बेचैनी के संकेत मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें: बिहार: विधायक दल की बैठक के लिए बीजेपी ने शिवराज चौहान को बनाया पर्यवेक्षक, पटना में लगे सम्राट-निशांत के पोस्टर

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच बिहार बीजेपी के विधायक दल की बैठक लिए बीजेपी ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार में भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें