Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार लैम्बोर्गिनी कार का कहर देखने को मिला है। इसे कथित तौर पर तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा चला रहा था। कार ने कई पैदल यात्रियों और कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर को हुई इस सड़क दुर्घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, लैंबोर्गिनी रेवुएल्टो नामक लग्जरी कार तेज गति से चलाई जा रही थी और चालक, शिवम मिश्रा कथित तौर पर नशे में था।
दहशत में आ गए लोग
इस मामले को लेकर डीसीपी (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, ठयह दुर्घटना दोपहर करीब 3.15 बजे रेव-3 मॉल के पास हुई, जब व्यवसायी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा द्वारा चलाई जा रही लग्जरी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों और कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर खड़ी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल सवार लगभग 10 फीट हवा में उछल गया। कार मोटरसाइकिल के अगले पहिए पर चढ़ गई और उसे कुछ दूर तक घसीटती रही, फिर एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई।
लग्जरी कारों का शौकीन है शिवम मिश्रा
कानपुर में लैंबोर्गिनी हादसे के कथित आरोपी शिवम मिश्रा की बात करें तो वह बंशीधर तंबाकू कंपनी के मालिक केके मिश्रा के बेटे हैं, जो अपनी लग्जरी जीवनशैली और महंगी कारों (रोल्स रॉयस, लैंबोर्गिनी) के लिए जाने जाते हैं।
पुलिस ने जब्त कर ली कार
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कानपुर के ग्वालटोली पुलिस थाना क्षेत्र में लेम्बोर्गिनी कार को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के संबंध में बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
कार की टक्कर से घायल हुए लोगों में से एक तौफीक अहमद कई मीटर दूर जा गिरे और उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। अहमद ने बताया कि वह सड़क किनारे अपनी खड़ी बाइक के पास खड़े थे, तभी एक लग्जरी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कानपुर: निजी बैंक में कर्मचारी और ग्राहक के बीच तीखी बहस, वीडियो वायरल होने के बाद भड़के लोग
