भारतीय जनता पार्टी के मेयर पद के उम्मीदवार प्रवेश वाही ने दिल्ली नगर निगम में महापौर चुनाव के लिए सिविक सेंटर में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रवेश वाही ने कहा कि मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। हम दिल्ली को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

कौन हैं प्रवेश वाही?

दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र से आने वाले प्रवेश वाही लंबे समय से स्थानीय राजनीति में सक्रिय माने जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें 53-रोहिणी ई वार्ड से पार्षद के रूप में आगे बढ़ाया है। बताया जाता है कि वह तीसरी बार पार्षद बने हैं। इससे पहले वह 2007 से 2012 के बीच भी पार्षद रह चुके हैं और फिर 2022 में दोबारा चुनाव जीतकर निगम राजनीति में लौटे। उन्होंने 1984 में शिवाजी यूनिवर्सिटी से बीए की पढ़ाई की है।

डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी ने किसे बनाया उम्मीदवार

मेयर पद के नामांकन के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी ने मोनिका पंत को डिप्टी मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने भी गुरुवार को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मोनिका पंत ने कहा, “मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देती हूं। मैं दिल्ली की जनता के कल्याण के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगी।”

आम आदमी पार्टी मेयर चुनाव नहीं लड़ेगी

आम आदमी पार्टी ने कहा है कि शालीमार बाग से उसके पार्षद जलज कुमार चौधरी ने स्थायी समिति के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है, हालांकि, पार्टी ने मेयर चुनाव से दूर रहने का फैसला किया है। दिल्ली आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नामांकन की आखिरी तारीख से एक दिन पहले पुष्टि की कि पार्टी मेयर चुनाव नहीं लड़ेगी। पढ़ें पूरी खबर…

किस पार्टी के कितने पार्षद

सदन की कुल 250 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी के पास 123 पार्षद हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) के पास 100 पार्षद हैं। बाकी सीटों में आम आदमी पार्टी से अलग होकर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 15 पार्षद, कांग्रेस के नौ पार्षद, फॉरवर्ड ब्लॉक का एक सदस्य और एक निर्दलीय पार्षद शामिल हैं, जबकि एक सीट खाली है।

मेयर और डिप्टी मेयर चुनावों में पार्षदों के साथ-साथ सांसद और विधायक भी मतदाता होते हैं। इस गणना के अनुसार, बीजेपी के पास 141 वोट हैं। इनमें 123 पार्षद, सात लोकसभा सांसद और 11 विधायक शामिल हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के पास 106 वोट हैं। इनमें 100 पार्षद, तीन राज्यसभा सांसद और तीन विधायक शामिल हैं।