Who is Saba Haider: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की बेटी सबा हैदर ने अमेरिका में चुनाव जीतकर पूरे शहर का मान बढ़ाया है। इलिनाय राज्य के डिस्ट्रिक्ट-84 से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव के चुनाव में सबा ने शानदार जीत दर्ज की। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार सबा को 71.8 प्रतिशत वोट मिले। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी और रिटायर्ड नेवी कमांडर ब्रायन स्कूबा को हराया। इस जीत के साथ ही सबा इलिनाय जनरल असेंबली पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई अप्रवासी महिला बन गई हैं।
सबा की जीत की खबर जैसे ही गाजियाबाद पहुंची, उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। चित्रगुप्त विहार स्थित उनके पैतृक घर पर जश्न शुरू हो गया। परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। हर कोई सबा की मेहनत, पढ़ाई और यहां तक पहुंचने के उनके सफर को याद कर रहा था। गाजियाबाद में पली-बढ़ी एक बेटी ने सात समंदर पार अपनी मेहनत के दम पर इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की, यह पूरे शहर के लिए गर्व की बात है।
गाजियाबाद में बीता बचपन, पढ़ाई में हमेशा रहीं अव्वल
सबा हैदर का जन्म गाजियाबाद में हुआ और उनकी शुरुआती पढ़ाई भी यहीं हुई। वह अपने परिवार के साथ शहर के संजय नगर इलाके में रहती थीं। उन्होंने होली चाइल्ड स्कूल से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद आरसीसी गर्ल्स कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की और गोल्ड मेडल हासिल किया। पढ़ाई में उनकी दिलचस्पी और मेहनत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने आगे भी अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखा।
स्नातक की पढ़ाई के बाद सबा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) पहुंचीं। यहां उन्होंने वाइल्डलाइफ साइंसेज में एमएससी की पढ़ाई की। इस दौरान भी उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया। पढ़ाई के साथ वाइल्डलाइफ सेंसस में उनके बेहतर प्रदर्शन ने उनकी प्रतिभा को साबित किया। करीब 20 साल पहले सबा अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गईं। वहां उन्होंने अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू किया।
पिता जल निगम में इंजीनियर, मां चलाती हैं अपना स्कूल
सबा के पिता सैयद अली हैदर उत्तर प्रदेश जल निगम में वरिष्ठ इंजीनियर रहे हैं। वह अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी मां शिक्षिका हैं और अपना निजी स्कूल चलाती हैं। सबा के दो भाई हैं, जिनके नाम अब्बास हैदर और जीशान हैदर हैं। दोनों दुबई में अपनी कंपनी चलाते हैं।
सबा के पति वर्ल्ड बैंक में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। अमेरिका जाने के बाद भी सबा की अपने शहर और परिवार से जुड़ाव बना रहा। अब उनकी इस बड़ी जीत ने गाजियाबाद से लेकर अमेरिका तक उनके परिवार और परिचितों को खुशी मनाने का मौका दे दिया है।
बेटी की जीत पर पिता बोले- गाजियाबाद के लिए गर्व का क्षण
सबा की जीत से उनके पिता बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि बेटी की यह कामयाबी सिर्फ परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि गाजियाबाद और पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से देश, प्रदेश और शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, चुनाव का नतीजा सामने आने के बाद से रिश्तेदारों और परिचितों के लगातार फोन आ रहे हैं। लोग घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। हर तरफ सबा की जीत और उनकी उपलब्धियों की चर्चा हो रही है। परिवार के लिए यह खुशी इसलिए भी खास है, क्योंकि जिस शहर में सबा ने पढ़ाई की और अपने सपनों की शुरुआत की, उसी शहर का नाम आज उनकी वजह से दुनिया भर में चर्चा में है।
पहले प्राइमरी चुनाव में भी दिखाया था दम, 63 फीसदी से ज्यादा वोट मिले थे
सबा ने चुनावी मैदान में उतरते ही अपनी मजबूत पकड़ का संकेत दे दिया था। मार्च में हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में उन्होंने 63 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल किए और पार्टी का नामांकन अपने नाम किया। इसके बाद आम चुनाव में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 71.8 प्रतिशत वोट हासिल कर रिपब्लिकन उम्मीदवार ब्रायन स्कूबा को हरा दिया।
डिस्ट्रिक्ट-84 में नेपरविल, ऑरोरा, ओस्वेगो, मोंटगोमरी, बोल्डर हिल और प्लेनफील्ड के कुछ हिस्से आते हैं। इस क्षेत्र की आबादी करीब 1.10 लाख है। इतने बड़े चुनावी क्षेत्र में मिली इस जीत ने सबा को एक नई पहचान दी है।
ड्यूपेज काउंटी बोर्ड चुनाव में जीत के बाद भी चर्चा में रही थीं सबा
सबा इससे पहले भी अमेरिका में अपनी राजनीतिक जीत को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। उन्होंने ड्यूपेज काउंटी बोर्ड के चुनाव में भी जीत हासिल की थी। इस जीत के बाद अमेरिका के शिकागो में रह रही गाजियाबाद की इस बेटी की खूब चर्चा हुई थी। उनकी राजनीतिक यात्रा में यह उपलब्धि भी एक अहम पड़ाव रही। अब इलिनाय स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीतकर उन्होंने अपनी कामयाबी का दायरा और बढ़ा दिया है।
गाजियाबाद की गलियों और कॉलेजों से शुरू हुआ सबा का सफर आज अमेरिका की राजनीति तक पहुंच चुका है। उनकी यह जीत बताती है कि मेहनत, लगन और अपने लक्ष्य के प्रति मजबूत इरादे हों तो इंसान दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकता है।
