कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को कर्नाटक में नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। हरिप्रसाद ने डीके शिवकुमार की जगह ली है, जो बुधवार को ही राज्य के नए मुख्यमंत्री बने हैं।
कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरिप्रसाद की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की है। बीके हरिप्रसाद अब तक हरियाणा में कांग्रेस प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
हरिप्रसाद को बुधवार को ही कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया। हरिप्रसाद के अलावा तिप्पन्ना कमक्कनूर, पी.वी. मोहन तथा शिवन्ना मालावल्ली को भी विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है। कर्नाटक में राज्यसभा की चार और विधान परिषद की सात सीटों पर चुनाव होने हैं।
कई राज्यों में प्रभारी रहे हैं हरिप्रसाद
71 साल के बीके हरिप्रसाद 80 के दशक से कांग्रेस से जुड़े हैं। वह चार बार राज्यसभा के सांसद रह चुके हैं। बिल्लावा समुदाय से आने वाले ओबीसी नेता हरिप्रसाद कई राज्यों में कांग्रेस के प्रभारी रह चुके हैं।
हरिप्रसाद कर्नाटक में विधायक रहने के अलावा विधान परिषद के सदस्य भी रहे हैं। वह कांग्रेस में फैसला लेने वाली सर्वोच्च संस्था कांग्रेस वर्किंग कमेटी के स्थाई आमंत्रित सदस्य हैं। हरिप्रसाद को नेहरू-गांधी परिवार का करीबी माना जाता है।
पिछले साल हरिप्रसाद ने आरएसएस को ‘भारतीय तालिबान’ कहा था और उनके इस इस बयान पर जमकर विवाद हुआ था। उन्होंने आरएसएस को “अंडरवर्ल्ड” संगठन करार दिया था और कहा था कि यह गैर जिम्मेदाराना ढंग से काम कर रहा है।
इस बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने पद संभालते ही छात्रों के लिए मुफ्त बस पास, 10,000 भारत जोड़ो युवा संघों का गठन और निजी रोजगार एक्सचेंज की स्थापना का ऐलान किया।
कर्नाटक में बीजेपी को बदलनी पड़ सकती है रणनीति
कर्नाटक में कांग्रेस ने डोड्डालहल्ली केम्पेगौड़ा शिवकुमार (डीके शिवकुमार) को मुख्यमंत्री बनाया है। कांग्रेस के नए फैसले से एनडीए और बीजेपी को अपनी रणनीति जरूर बदलनी पड़ेगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
