Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आजम खान को रविवार को गाजियाबाद की एक स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्हें रामपुर जेल के बजाय गाजियाबाद की डासना जिला जेल में रखा जाएगा, दिलचस्प बात यह है कि उन्हें रामपुर जेल से ही महज एक दिन पहले रिहा किया गया था।

प्रवर्तन निदेशालय ने कड़ी सुरक्षा के बीच आजम खान को सुबह करीब 10:30 बजे अदालत के विशेष न्यायाधीश अवनीश कुमार पांडे के सामने पेश किया। ईडी की पांच गाड़ियों का काफिला उन्हें अदालत परिसर तक लाया। जब खान एक एमयूवी (गाड़ी) में अदालत पहुंचे, तो वे शांत दिख रहे थे। जैसे ही उन्होंने गाड़ी की खिड़की नीचे की, पत्रकारों ने पूछा कि क्या वे कुछ कहना चाहते हैं। इस पर उन्होंने जवाब दिया, “अब क्या रह गया है बोलने को?”

करीब ढाई घंटे तक बहस चली

आजम खान की ओर से वकील दानिश पेश हुए। वकील दानिश अली ने कहा, “पुलिस कस्टडी की मांग की गई थी, लेकिन हमने इसका विरोध किया। 14 दिनों की कस्टडी मांगी गई थी। हालांकि उनकी तबीयत कुछ खराब थी। ईडी का तर्क था कि उन्होंने पहले भी उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी, यह मामला 2019 का है। वे वारंट पर कार्रवाई सात दिन पहले भी कर सकते थे, अगर उन्होंने ऐसा किया होता, तो आज जब उन्हें रिहा किया गया, तब तक यह पूरा मामला खत्म हो चुका होता, हमने (कोर्ट में) दलील दी कि अगर वे उन्हें गिरफ्तार करना ही चाहते थे, तो वे ऐसा तब भी कर सकते थे जब वे पहले से ही जेल में थे, लगभग 2.5 घंटे तक बहस चली। 13 तारीख तक, यानी 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत (जुडिशियल कस्टडी) दे दी गई है।”

ईडी की तरफ से पेश हुए वकील कुलदीप श्रीवास्तव ने दलीलें पेश कीं, जबकि कोर्ट रूम में ईडी के डिप्टी डायरेक्टर पीयूष थोराट और असिस्टेंट डायरेक्टर प्रवीण कुमार भी मौजूद थे।

ईडी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, संस्थान के लिए जमीन की खरीद और इन कामों में इस्तेमाल किए गए फंड के स्रोतों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है। एजेंसी का आरोप है कि करोड़ों रुपये के सरकारी फंड का दुरुपयोग किया गया। खान को हिरासत में लेने से पहले, एजेंसी ने गाजियाबाद कोर्ट से वारंट हासिल किया था।

ईडी ने हिरासत में लिया था

बता दें कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान शनिवार शाम रामपुर जेल से बाहर आए थे। उन्हें दो पैनकार्ड मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। हालांकि, जेल से रिहाई के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने उन्हें धनशोधन के मामले में हिरासत में ले लिया।

यह भी पढ़ें: ‘अखिलेश जब आजम खान के नहीं हुए तो मेरे क्या होंगे’, स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बीच इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। अखिलेश ने शुक्रवार को साफ कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य उनके गठबंधन में शामिल नहीं हैं। इस पर अब स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जब अखिलेश यादव अपनी पार्टी के नेता आजम खान के नहीं हुए, तो स्वामी प्रसाद मौर्य के क्या होंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…