वेस्टर्न रेलवे ने MMR रीजन के लोगों को गुड न्यूज दी है। वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि वेस्टर्न रेलवे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में अपने सब-अर्बन नेटवर्क पर 12 नई AC लोकल ट्रेन और तीन नई नॉन-AC ट्रेन शुरू करेगा।
वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि नई AC ट्रेनें 11 मौजूदा नॉन-AC ट्रेनों की जगह लेंगी। उन्होंने बताया कि यह फैसला AC लोकल ट्रेनों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए लिया गया।
AC ट्रेनों की संख्या बढ़कर 133 हो जाएगी
वेस्टर्न रेलवे के इस फैसले के बाद सब-अर्बन AC सर्विस की कुल संख्या 121 से बढ़कर 133 हो जाएगी, जबकि लोकल ट्रेन सर्विस की कुल संख्या 1,410 से बढ़कर 1,414 हो जाएगी। शनिवार और रविवार को चलने वाली AC सर्विस की संख्या 77 से बढ़कर 106 हो जाएगी। अभी भयंदर और बांद्रा के बीच चलने वाली एक धीमी लोकल सर्विस अब विरार से शुरू होगी।
रेलवे ने 2025 में तीन करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी बंद किए
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा को बताया कि ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग में धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए 2025 में लगभग 3.03 करोड़ संदिग्ध ‘यूजर आईडी’ को बंद किया गया। उन्होंने कहा, ”उपयोगकर्ता खातों का सख्त पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन किया गया है। वर्ष 2025 में लगभग 3.03 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी बंद कर दी गई।”
रेल मंत्री के अनुसार, 3.99 लाख संदिग्ध बुकिंग से संबंधित 376 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर प्राप्त हुई हैं और 2025 में 12,819 संदिग्ध ईमेल डोमेन को ब्लॉक किया गया। वैष्णव ने एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि लगभग 12,300 डिब्बे, जिनमें वर्तमान में परिचालित सभी वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनें और 460 इंजन शामिल हैं, सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं।
रेल मंत्री ने कहा, ”भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा में सुधार के उद्देश्य से डिब्बों और इंजन में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू किया। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था से शरारती तत्वों की गतिविधियों, तोड़फोड़, चोरी को रोकने और घटनाओं की जांच में सहायता मिलने की उम्मीद है।”
उन्होंने कहा, ”क्षेत्रीय रेलवे और उत्पादन इकाइयों ने डिब्बों और इंजन में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी खरीद के लिए कार्रवाई शुरू की। अब तक, रेलवे नेटवर्क पर परिचालित लगभग 12,300 डिब्बे (वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के सभी परिचालन रेक सहित) और 460 इंजन सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं।” (इनपुट – PTI)
यह भी पढ़ें: इस रूट की स्पेशल ट्रेन के लिए आज से टिकट बुकिंग शुरू, चेक करें रूट, स्टॉपेज, टाइमिंग और शेड्यूल
