पांच राज्य में कांग्रेस की करारी हार के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विपक्षी दलों को एकसाथ आने के लिए कहा। ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा था कि कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है। ममता बनर्जी ने कहा था कि पूरे विपक्ष को मिलकर चुनाव लड़ना होगा। ममता बनर्जी के बयान के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है।
अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी को पागल तक कह दिया। अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि , “पागल व्यक्ति को जवाब देना सही नहीं है, पूरे भारत में कांग्रेस के 700 विधायक हैं। दीदी के पास हैं? कांग्रेस के पास विपक्ष के कुल वोट शेयर का 20% है। क्या उनके पास है?”
इसके साथ ही अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी को भाजपा का एजेंट बताया। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि वे (ममता बनर्जी) भाजपा को खुश करने और भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने के लिए ऐसा कह रही हैं। प्रासंगिक बने रहने के लिए वह इस तरह की बातें कहती हैं।”
क्या कहा था ममता बनर्जी ने?: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि अगर भाजपा को आने वाले लोकसभा चुनाव में हराना है, तो पूरे विपक्ष को एक साथ मिलकर चुनाव लड़ना होगा। उन्होंने आगे कहा था कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से यह साबित हो गया कि कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है और भाजपा से मुकाबले के लिए सबसे पुरानी पार्टी (कांग्रेस) के रुख की प्रतीक्षा करने की जरूरत नहीं है। ममता बनर्जी ने कहा था कि, “जो राजनीतिक दल भाजपा से लड़ना चाहते हैं उन्हें एक साथ आना चाहिए। कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है। हम कांग्रेस पर निर्भर नहीं रह सकते।”
संपन्न हुए पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी बेकार रहा। पंजाब में कांग्रेस महज 18 सीटों पर सिमट गई जबकि यूपी में कांग्रेस में 2 सीट प्राप्त हुई। उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भी कांग्रेस का प्रदर्शन काफी खराब रहा।