पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में इस बार भाजपा की रणनीति में एक स्पष्ट बदलाव देखने को मिल रहा है, पार्टी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधे व्यक्तिगत हमले करने से बच रही है। दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव के अनुभवों ने भाजपा को यह रणनीतिक बदलाव करने के लिए प्रेरित किया है।
पिछले विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दीदी ओ दीदी’ जैसे बयानों को लेकर काफी विवाद हुआ था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसका पार्टी को नुकसान भी उठाना पड़ा था। इस कारण से इस बार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने प्रचार के दौरान व्यक्तिगत टिप्पणियों से दूरी बनाए रखने का निर्णय लिया है।
हाल के चुनावी भाषणों पर नजर डालें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधनों में मुख्य रूप से नीति और शासन से जुड़े मुद्दों पर ही जोर दिया है। इनमें बांग्लादेशी घुसपैठ, नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए), समान नागरिक संहिता (यूसीसी), तुष्टीकरण की राजनीति, और तृणमूल कांग्रेस पर आदिवासी, महिला तथा युवा विरोधी होने के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा ‘कट मनी’ और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। पार्टी के अन्य नेता भी इसी रणनीति का पालन करते हुए अपने भाषणों में व्यक्तिगत आलोचना से बच रहे हैं।
यह बदलाव लोकतांत्रिक दृष्टि से सकारात्मक संकेत- विश्लेषक
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के राजनीतिक विज्ञान के शिक्षक सतीश कुमार के अनुसार भाजपा का यह बदलाव लोकतांत्रिक दृष्टि से सकारात्मक संकेत है। उनका कहना है कि निजी हमलों से बचकर शासन और नीतिगत मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना एक स्वस्थ राजनीतिक परंपरा को बढ़ावा देता है। वे बताते हैं कि पिछले चुनावों में व्यक्तिगत टिप्पणियां उलटी पड़ गई थीं, जिससे भाजपा को सीख मिली है। इसके साथ ही ममता बनर्जी का राजनीतिक कद भी समय के साथ और मजबूत हुआ है। वह आज भी सक्रिय राजनीति में हैं, सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करती हैं और जनता के बीच अपनी उपस्थिति बनाए रखती हैं।ऐसे में उन पर व्यक्तिगत हमला करना अब पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है।
सतीश के मुताबिक भाजपा अब ममता बनर्जी की व्यक्तिगत छवि के बजाय उनके शासन से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रख रही है। पार्टी भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अक्षमता और सत्ता के दुरुपयोग जैसे आरोपों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। इससे चुनावी विमर्श को मुद्दा-आधारित बनाए रखने में मदद मिल रही है।
विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की 2026 की चुनावी रणनीति ‘परिवर्तन’ के एजंडे पर आधारित है
वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के राजनीतिक विज्ञान के शिक्षक अभिषेक प्रताप सिंह का मानना है कि भाजपा के लिए पश्चिम बंगाल चुनाव केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं बल्कि वैचारिक संघर्ष भी है। उनके अनुसार भाजपा की 2026 की चुनावी रणनीति ‘परिवर्तन’ के एजंडे पर आधारित है। पार्टी राज्य में बदलाव की आवश्यकता को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अभिषेक सिंह कहते हैं कि भाजपा इस बार चुनाव को व्यक्ति केंद्रित बनाने के बजाय जन समस्याओं और विकास के मुद्दों पर लड़ रही है। पार्टी का ध्यान स्थानीय मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता पर है। यही कारण है कि भाजपा ने ममता बनर्जी पर सीधे व्यक्तिगत प्रहार करने से दूरी बनाई है और अपने अभियान को अधिक संतुलित और मुद्दा-आधारित बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
भाजपा की यह नई रणनीति पिछले अनुभवों से मिली सीख का परिणाम है। व्यक्तिगत हमलों से बचते हुए अगर पार्टी मुद्दों और नीतियों पर केंद्रित रहती है तो यह न केवल उसके चुनावी प्रदर्शन को प्रभावित कर सकता है बल्कि भारतीय राजनीति में स्वस्थ संवाद की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम साबित हो सकता है।
BJP का ‘भरोसापत्र’ बनाम TMC का ‘इश्तेहार’
बीजेपी और टीएमसी दोनों ही राजनीतिक दलों ने बंगाल की जनता को लुभाने के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। बीजेपी ने अपने घोषणापत्र का नाम ‘भरोसापत्र’ रखा है, जबकि टीएमसी ने अपने मेनिफेस्टो का नाम ‘इश्तेहार’ रखा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
