अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ के एक अस्पताल का दौरा किया और भारतीय जनता पार्टी की विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल पूछा। वह इस हफ्ते की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा नेता का पुतला जलाने में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
अपनी यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने जायसवाल और उनके परिवार से मुलाकात की और उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!”
मुलाकात को लेकर क्या बोले विधायक के पति
इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल के पति अशोक जायसवाल ने इसे मानवीय संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक शिष्टाचार का काम बताया। पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के बावजूद घायल विधायक से मिले और उनके इलाज के संबंध में निर्देश जारी किए जाने को सुनिश्चित किया।
उन्होंने आगे बताया कि बीजेपी के कई नेता परिवार के संपर्क में रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल शामिल हैं। कुछ नेताओं ने अस्पताल का दौरा भी किया। उनके अनुसार, लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपरिहार्य हैं, लेकिन व्यक्तिगत चिंता और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने यादव के दौरे के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।
जायसवाल को मेदांता में भर्ती कराया गया
केंद्र सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले को आग लगाने की कोशिश में घायल होने के बाद जायसवाल को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीटीआई के अनुसार, इस दौरान अचानक आग भड़क उठी और उनका चेहरा आग की चपेट में आ गया।
क्या अखिलेश यादव के PDA को नुकसान पहुंचाएंगे चंद्रशेखर
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। चुनावी लिहाज से राज्य के दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वोट बैंक में अपनी पकड़ बढ़ाने के लिए आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद 2 जून 2026 से प्रदेश भर में यात्रा शुरु करने वाले हैं। इसको लेकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तैयारियों में जुटा हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…
