पटना में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद शुक्रवार को बड़ा बवाल हो गया है। गुस्साए लोगों ने एक बस में आग लगा दी और मौके पर पहुंची पुलिस की तीन गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया।

मृतक युवक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के कारण काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

भीड़ ने घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर पथराव भी कर दिया। लोग अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल इलाके में एक तेज रफ्तार बस के द्वारा युवक को कुचले जाने से नाराज थे। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बसों के शीशे तोड़े, पत्रकारों पर किया पथराव

हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। लोगों ने आसपास खड़ी कई बसों के शीशे तोड़ दिए और बाइकों में तोड़फोड़ की। लोगों ने घटना की कवरेज कर रहे पत्रकारों पर पथराव किया है।

घटनास्थल से जो वीडियो सामने आए हैं उनमें बसों को धूं-धूं कर जलता हुआ देखा जा सकता है। पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने की और यातायात को सामान्य करने की कोशिश की है।

पुलिस ने बताया कि युवक की मौत के बाद लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया था और इसी बीच कुछ अराजक तत्व आए और उन्होंने तीन-चार गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि युवक रोड क्रॉस कर रहा था और इसी दौरान उसके साथ यह घटना हुई। 

यह भी पढ़ें- ‘संभल हिंसा अचानक नहीं, पहले से रची गई थी साजिश’

उत्तर प्रदेश के संभल में नवंबर 2024 में हुई हिंसा को लेकर गठित न्यायिक आयोग ने अपनी रिपोर्ट में बड़ा खुलासा किया है। आयोग ने कहा है कि यह हिंसा अचानक नहीं हुई थी, बल्कि पहले से सुनियोजित (प्री-प्लांड) थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।