दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के संसद चलो मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक पांच FIR दर्ज की है। यह FIR कनॉट प्लेस थाना, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना और कुछ अन्य पुलिस थानों में दर्ज की गई हैं।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि हिंसा को लेकर और FIR दर्ज की जा सकती हैं। पुलिस ने कहा है कि सीसीटीवी फुटेज से हिंसा में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है।

170 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से संसद चलो मार्च का आह्वान किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इस दौरान कनॉट प्लेस के इलाके में हिंसा हुई थी। इसमें कई छात्रों के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। झड़प के दौरान 170 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।

सीजेपी के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें।

दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने, हिंसा की साजिश रचने, सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों पर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में भी FIR दर्ज की है।

पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023, आर्म्स एक्ट 1959 और प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत ये एफआईआर दर्ज की गई है।

एफआईआर में क्या हैं आरोप?

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होकर सरकारी काम में बाधा डाली, हिंसक गतिविधियों में शामिल हुए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इन सभी आरोपों की जांच पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने द्वारा की जा रही है।

सोमवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, पुलिस के कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों पर हमला किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की मदद से इस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सोमवार को हुई हिंसा की जांच जारी है और तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों पर हमले व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली में भारी पुलिस बल तैनात

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी और किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई है।

यहां भी पढ़ें- क्या हैं कॉकरोच जनता पार्टी की तीन प्रमुख मांगें?

कॉकरोच जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिला। सीजेपी की ओर से प्रमुख तौर पर तीन मांगें रखी गई हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।